अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। आरोग्य भारती के दो दिवसीय क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग मध्य क्षेत्र की पूर्व संध्या पर भारत माता मंदिर परिसर स्थित सुदर्शन सभागृह मे अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के उपलक्ष्य में अन्नम मिलेट्स कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान आरोग्य भारती राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार द्वारा मिलेट्स उत्पादन एवं मिलेट्स के पोषक तत्वों की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय गर्ग द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मिलेट्स के लाभ, मिलेट्स की पाचन क्रिया और व्यंजनों के बारे में बताया गया। विशिष्ट अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वेद प्रकाश व्यास ने शिशुओं को मिलेट्स देने से संबंधित होने वाली रिसर्च पर जानकारी दी। इस दौरान कार्यक्रम में आरोग्य भारती मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णु सेन कछावा, भोलानाथ गुप्ता, डॉ. महेंद्र पाटीदार, मिहिर झा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के पश्चात भोजन में भी मिलेट्स के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।