मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। जैसे ही सरकार और आम लोगों को लगता है कि तनाव शांत हो गया है। वैसे ही फिर गोलीबारी होने लगती है। बुधवार को पुलिस ने बताया कि इमफल ईस्ट जिले के खामेनलोक इलाके में देर रात गोलीबारी की एक घटना हुई। इसमें नौ लोगों की मौत, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि हथियारों से लैस उग्रवादियों ने इमफल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खामेनलोक क्षेत्र के ग्रामीणों को घेर लिया और रात करीब एक बजे हमला किया। इससे नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इमफल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें, यह क्षेत्र मैतेई-बहुल इंफाल पूर्वी जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमाओं के साथ स्थित है।
वहीं, सोमवार को भी इसी इलाके में एक गोलीबारी की एक घटना हुई थी, जिसमें नौ लोग घायल हुए थे। यहां विद्रोही संगठन के लोगों और ग्रामीणों में सोमवार देर रात गोलीबारी हुई थी, जिसमें दोनों तरफ से नौ लोग घायल हुए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि पहले तीन लोगों के घायल होने की खबर थी। हालांकि, गोलीबारी जारी रहने के कारण घायलों की संख्या बढ़कर नौ हो गई थी।