मध्यप्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में पिछले 24 घंटे से कहीं तेज, कहीं धीमी बारिश हो रही है। दमोह में बीते 24 घंटे में साढ़े आठ इंच पानी गिर गया। जबलपुर में करीब 8 इंच और सिवनी में साढ़े 7 इंच बारिश हो चुकी है। वहीं, भोपाल में 2.4 इंच पानी बरसा है।
नर्मदापुरम में तवा डैम के 13 में से 9 गेट, बरगी बांध के 21 में से 17, मोहनपुरा डेम के 10 गेट, हलाली डैम के 5 और मड़ीखेड़ा डैम के 4 गेट खोले गए हैं। दमोह में घरों में पानी भर गया। टीकमगढ़ और शिवपुरी में भी सड़कें डूब चुकी हैं। विदिशा में कई रास्ते बंद हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, गुना और अशोकनगर में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में भी तेज पानी गिरने का अनुमान है।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल, इंदौर, सिवनी, बालाघाट समेत 21 जिलों में तेज बारिश हुई। बालाघाट, मंडला-सिवनी जिलों में लोग बाढ़ में फंस गए। नौबत रेस्क्यू की बन आई। सिवनी में आज 12th क्लास तक जबकि राजगढ़ में 8वीं क्लास तक के स्कूलों की छुट्टी है।









