Wednesday, October 4, 2023
Homeउज्जैन समाचारमयूर वन… हेंडओवर से पहले दरारें आ गई निर्माण कार्यों में…

मयूर वन… हेंडओवर से पहले दरारें आ गई निर्माण कार्यों में…

भोपाल और इंदौर के ठेकेदारों ने किया है योजना पर काम

रख-रखाव पर भी नहीं दिया जा रहा ध्यान

अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन। कोठी रोड स्थित विक्रम वाटिका परिसर में स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा मयूर वन प्रोजेक्ट का काम पूरा कर लिया गया है। कंपनी इसे नगर निगम को हेंडओवर करने की तैयारी कर चुकी है। लेकिन प्रोजेक्ट में हुए कई निर्माण कार्यों में दरारें आ गई है। भोपाल और इंदौर के ठेकेदारों ने यह काम किया है। मयूर वन परिसर में असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ गई है।

विक्रम वाटिका परिसर को मयूर वन के रूप में विकसित करने का काम स्मार्ट सिटी कंपनी ने साल 2019 में शुरू करवाया था। 6.7 हेक्टेयर के दायरे में 2.26 करोड़ की लागत से यहां विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाने की योजना बनी थी। प्रोजेक्ट को साल 2020 के फरवरी महीने में पूरा करने का टारगेट था।

यह काम पहले भोपाल के ठेकेदार को दिया गया था। बाद में इसमें डैक निर्माण, गेट निर्माण और तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य शामिल किया गया था। यह तीनों काम इंदौर की एक निजी कंपनी से कराने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद प्रोजेक्ट की लागत बढ़कर 3.80 करोड़ तक पहुंच गई थी। कोरोना के कारण हालांकि यह प्रोजेक्ट लगभग दो साल पिछड़ा रहा। लेकिन इसे पिछले साल के अंत तक पूरा करा लिया गया था।

दीवारों और आधार में दरारें, परिसर में शराब की बोतलें

अधिकारियों के मुताबिक ठेकेदारों द्वारा पिछले वर्ष मयूर वन प्रोजेक्ट के सभी काम पूरे कर लिए गए थे। परंतु मयूर वन में किए गए निर्माण कार्यों में कई जगह आधार से लेकर दीवारों और छत तक में दरारें आ गई है। अनदेखी के चलते यहां निर्मित की गई दीवारों पर असामाजिक तत्वों ने भद्दी और अश्लील बातें लिखकर इन्हें बेकार कर दिया है।

इतना ही नहीं मयूर वन में तालाब क्षेत्र से लेकर पूरे परिसर में यहां-वहां बीयर की केन और शराब की बोतलें बिखरी नजर आ रही हैं। कुल मिलाकर निर्माण के कुछ समय बाद ही शहर के सबसे सुंदर मयूर वन प्रोजेक्ट की हालत दयनीय हो चली है।

यह था उद्देश्य

योजना के मुताबिक पार्क में मोर को अनुकूल वातावरण देने के साथ ही यहां आने वालों को आनंद पहुंचाने के लिए कई सुविधाओं को विकसित करना इसमें शामिल था। इसके साथ ही पार्क में एक भूल-भुलैया का निर्माण, बच्चों के लिए पृथक से किड जोन निर्माण, समीप ही फीसलपट्टी, झूले-चकरी, वॉल बाउंड्री में ही बैठक के लिए पृथक से स्थान, बीच में प्लाजा स्थल, आकर्षक फव्वारा व आसपास बैठक व्यवस्था, प्लाजा के नजदीक बेडमिंटन व खो-खो के दो-दो कोट का निर्माण, तालाब के नजदीक इंटरपीटिशन सेंटर, भूल-भुलैया के नजदीक लिए टॉयलेट ब्लॉक तथा तालाब का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही इसके आसपास पाथ-वे बैठक सुविधा शामिल है।

हेंडओवर से पहले कराएंगें सुधार

स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा मयूर वन को नगर निगम को हेंडओवर करने की प्रक्रिया चल रही है। यह पूरी होने तथा हेंडओवर से पहले मयूर वन में निर्माण कार्यों में रही कमियों में ठेकेदारों से सुधार कराया जाएगा। इसके बाद हेंडओवर किया जाएगा।
आशीष पाठक, सीईओ स्मार्ट सिटी कंपनी

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर