महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह
166 दीक्षार्थी पहुंचे उपाधियां लेने इसरो प्रमुख का सारस्वत उद्बोधन
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन।महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह का आयोजन बुधवार सुबह विक्रम कीर्ति मंदिर में आयोजित किया गया। इसमें उपाधियां लेने के लिए पंजीकृत 166 दीक्षार्थी पहुंचे। अलग-अलग श्रेणियों में विद्यार्थियों को पदक भी प्रदान किए गए। समारोह में सारस्वत अतिथि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष श्रीधर सोमनाथ थे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, विशिष्ट अतिथियों में सांसद अनिल फिरोजिया एवं विधायक पारस जैन के अलावा कार्यपरिषद् सदस्य उपस्थित थे। अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर विजय कुमार सीजी कर रहे थे।
यह पहला अवसर होगा, जब कोई वैज्ञानिक संस्कृत के विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह में भाषण देने आए हैं। आयोजन स्थल पर दीक्षांत समारोह की सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थी। विक्रम कीर्ति मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर दीक्षा मंच तक सजावट की गई। दीक्षार्थियों में भी आयोजन को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा था। यहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए इंतजाम किए गए हैं।
166 विद्यार्थियों ने करवाया है पंजीयन
आज आयोजित हो रहे महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में सत्र 2021-22 में कुल 1397 विद्यार्थी उपाधियां और मेडल के लिए पात्र थे। इनमें से स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा सहित अन्य पाठ्यक्रमों के 166 विद्यार्थियों ने दीक्षांत समारोह में उपाधियां पाने के लिए पंजीयन करवाया है। इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 14 स्वर्ण, 14 रजत और 14 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे।