महाकाल मंदिर के पास बनेगा 50 करोड़ रु. का यूनिटी मॉल!
गुजरात के बाद देश का दूसरा मॉल उज्जैन में बनेगा
केंद्र सरकार का संकेत मिलने पर राज्य सरकार की तैयारी
सुधीर नागर.उज्जैन। देश का दूसरा यूनिटी मॉल उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास बनने की संभावना है। केंद्र सरकार ने इसके लिए राज्य सरकार को 50 करोड़ रुपए का फंड देने का संकेत दिया है। राज्य सरकार इसके लिए प्रारंभिक तैयारी में जुट गई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर हुई नगरीय आवास एवं विकास की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसका संकेत दे दिया गया है।
केंद्र की मोदी सरकार उज्जैन में यूनिटी मॉल खोलने के लिए तैयार हो गई है। महाकाल मंदिर आने वाले भक्तों की बढ़ती संख्या के कारण यह रुझान बन गया है। जिला प्रशासन इसके लिए उपयुक्त जमीन सरकार को बताएगा, ताकि मॉल का प्रस्ताव तैयार हो सके। इसके लिए 40 से 60 हजार वर्गफीट या इससे अधिक जमीन की जरूरत लग सकती है।
उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) की शिप्रा विहार योजना में 60 हजार वर्गफीट तक के कमर्शियल प्लॉट्स उपलब्ध भी हैं। यूडीए इस जगह को डेवलप भी कर रहा है।
इस कारण यूनिटी मॉल स्थापित करने में दिक्कतें भी नहीं आएगी। शुक्रवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में नगरीय आवास एवं विकास विभाग के आयुक्त ने समीक्षा बैठक ली थी। इसी दौरान अधिकारियों ने इस मुद्दे पर भी चर्चा की। वर्तमान में गुजरात के केवडिय़ा में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास दो मंजिला यूनिटी मॉल है, जो 35 हजार वर्गफीट जमीन पर बना है।
ये बड़े कारण…
1 महाकाल मंदिर में महाकाल लोक देश विदेश के दर्शनार्थियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र।
2 मंगल ग्रह की उत्पत्ति का स्थल माना जाने वाला मंगलनाथ मंदिर, जहां हर मंगलवार को देश भर के श्रद्धालु आते हैं।
3 हर बारह साल में एक बार सिंहस्थ कुंभ मेला शिप्रा तट पर लगता है। इस कारण विकास और अर्थव्यवस्था मजबूत करने की अपार संभावनाएं।
4 ग्रहों के अध्ययन के लिए जीवाजी वेधशाला और डोंगला वेधशाला के साथ कालिदास अकादमी जहां अखिल भारतीय कालिदास समारोह होता है।
5 कालभैरव मंदिर जहां, प्रतिमा को मदिरा का भोग लगाया जाता है।
मप्र का मॉल उज्जैन में खुलेगा
हर राज्य में यूनिटी मॉल खुलना है। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश का यूनिटी मॉल उज्जैन में खोलने का निर्णय लिया है।
कुमार पुरुषोत्तम, कलेक्टर उज्जैन