तालाब की होगी सफाई, पानी भी बदलने की तैयारी, नई मूर्तियां लगाने की भी कवायद
महाकाल लोक में अब ‘चमकी’ शिव प्रतिमा
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन महाकाल महालोक में बने कमल तालाब में भगवान शिव की बड़ी प्रतिमा अब दूधिया रंग में चमकने लगी है। तालाब का गंदा पानी बदलकर साफ पानी भरने का काम भी शुरू हो गया है। पहले इसमें जमा गंदगी को साफ किया जाएगा।महालोक में 28 मई, रविवार की दोपहर को तेज आंधी के कारण सप्तऋषियों की छह मूर्तियां गिर गई थीं। इसके बाद सभी मूर्तियों को हटा दिया गया है और नई मूर्तियां स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
इस घटना के बाद अन्य मूर्तियों पर भी प्रशासन का ध्यान गया और कमल तालाब की शिव प्रतिमा और उसके चारों ओर शेर की प्रतिमाओं को दूधिया सफेद रंग से रंगा गया है। इससे प्रतिमा का आकर्षण बढ़ गया है। महाकाल लोक दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं में भी सेल्फी लेने का आकर्षण भी बढ़ गया है। तालाब में साफ पानी भरने के बाद इसका आकर्षण और बढ़ जाएगा।
ठेकदार कंपनी की बड़ी लापरवाही
महालोक की मूर्तियां गिरने के बाद ठेकेदार कंपनी की बड़ी लापरवाही यह सामने आई है कि गारंटी पीरियड में होने के बाद भी उसने इन पर दोबारा रंग रोगन समय पर नहीं किया। घटना से पहले ही इनको मेनेंटेंस के तहत रंग करना था।
अक्षरविश्व में सबसे पहले
शिव प्रतिमा का पेंट उखडऩे की खबर अक्षरविश्व ने सबसे पहले 29 मई, सोमवार को प्रकाशित की थी। इसमें शिव प्रतिमा और शेर की प्रतिमाओं के पेंट उखडऩे पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।