10 लाख रुपयों से बन रहे टिक वुड के 12 फीट ऊंचे रथ
महाकाल सवारी में नक्काशी के 3 नए रथ
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:भगवान महाकाल की श्रावण मास में निकलने वाली सवारी के लिए इस बार मंदिर प्रशासन तीन नए रथ बनवा रहा है। 10 लाख रुपयों की लागत से ये रथ करीब 12 फीट ऊंचे होंगे। 5 जुलाई तक ये रथ बनकर मंदिर प्रबंध समिति के पास आने की संभावना है।
इस बार 19 साल के अंतराल के बाद श्रावण दो माह का रहेगा। भगवान महाकाल की दस सवारियां निकलेंगी। इस कारण मंदिर प्रबंध समिति तीन नए रथ बनवा रही है। इनकी डिजाइन फाइनल कर बनवाने का ऑर्डर दे दिया गया है। कारीगर इनको अगले माह के पहले सप्ताह तक तैयार कर देंगे। मंदिर प्रबंध समिति इन नए रथों को बनवाने के लिए 8 से 10 लाख रुपए का खर्च करेगी। रथ बनने के बाद खर्च का आंकड़ा सामने आएगा। हर बार 6 या 7 सवारियां ही निकाली जाती हैं। इस बार अधिकमास के कारण दस सवारियों का संयोग बना है। इस कारण मंदिर प्रबंध समिति ने ये रथ बनवाने का निर्णय लिया है।
ऐसे होंगे रथ…6 बाय 9 फीट की साइज
रथ की ऊंचाई 12 फीट होगी। साइज 6 बाय 9 फीट की होगी।
टिक वुड पर नक्काशी का हैंड वर्क होगा।
रथ में चार पहिए होंगे जिस पर बाहर रबर बेल्ट होगा और लकड़ी की नक्काशी होगी।
पिछले चार फीट हिस्से में सुंदर डोम होगा।
पूरे रथ पर लकड़ी की नक्काशी की बॉर्डर और स्ट्रेचर के नीचे व्हील कवर लकड़ी का होगा।
लोडिंग गाड़ी के एक्सेल पर पहिए लगाए जाएंगे।