Wednesday, October 4, 2023
Homeउज्जैन समाचारमहाशिवरात्रि पर होगा शिव ज्योति अर्पणम,बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

महाशिवरात्रि पर होगा शिव ज्योति अर्पणम,बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

महाशिवरात्रि पर होगा शिव ज्योति अर्पणम

शिप्रा तट 21 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाएगा, बनेगा गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन।शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम 18 फरवरी महाशिवरात्रि पर आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर शिप्रा तट पर 21 लाख दीप एकसाथ प्रज्वलित कर गिनीज वल्र्ड रिकार्ड स्थापित किया जायेगा।

शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने समीक्षा बैठक ली एवं निर्देश दिये कि इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाये एवं आवश्यक कर्मचारियों अधिकारियों की ड्यूटी इस कार्य के लिये लगाई जाये। बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक एवं एडीएम संतोष टैगोर सहित सभी एसडीएम व जिला अधिकारी मौजूद थे।

स्मार्ट सिटी सीईओ पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर इस बार महाशिवरात्रि पर 18 लाख दीप प्रज्वलित कर शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस पर्व से शहर को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जायेगा। शिप्रा नदी के घाटों पर दीप प्रज्वलन होगा। सार्वजनिक स्थलों, घर-घर में शहर के सभी मंदिरों, प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित कर एवं विद्युत की साज-सज्जा कर महाशिवरात्रि पर्व मनाया जायेगा।

संपूर्ण घाटों को पांच ब्लाक में बांटा गया

शिप्रा नदी पर दीप प्रज्वलन के लिये सम्पूर्ण घाटों को पांच ब्लॉक में बांटा गया है। इसमें ‘ए’ ब्लॉक में केदारेश्वर घाट पर दो लाख 77 हजार दीप, ‘बी’ ब्लॉक सुनहरी घाट पर एक लाख 38 हजार दीप, ‘सी’ ब्लॉक दत्त अखाड़ा क्षेत्र में चार लाख 32 हजार दीप, ‘डी’ ब्लॉक रामघाट पर चार लाख 68 हजार दीप तथा ‘ई’ ब्लॉक भूखी माता की ओर तीन लाख 78 दीपों का प्रज्वलन किया जायेगा।

विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिये हैं। नगर निगम को दीप, कपूर, तेल, बत्ती एवं अन्य सामग्री की खरीदी, घाटों पर सामग्री का प्रदाय, घाटों की पेंटिंग, ब्लॉक की मेपिंग, शहर के प्रमुख चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाना, शहर में होर्डिंग्स-बैनर लगाना, मंच का प्रबंधन करना आदि कार्य सौंपे गये हैं।

कलेक्टर ने विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभाकक्ष में आगामी महाशिवरात्रि पर वृहद स्तर पर आयोजित होने वाले शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में शहर के विभिन्न समाजों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक द्वारा जानकारी दी गई कि विभिन्न समाजों के द्वारा दीपोत्सव कार्यक्रम में उनकी ओर से लगाये जाने वाले वॉलेंटियर्स की सूची शीघ्र-अतिशीघ्र उपलब्ध कराई जाये।

दीपोत्सव में 18 लाख दीये जलाकर वैश्विक प्लेटफार्म पर दर्ज किया जायेगा। इस बार दीयों का लक्ष्य बहुत बड़ा है, इसीलिये अधिक संख्या में वॉलेंटियर्स की आवश्यकता होगी। दीपोत्सव के दौरान 250 दीयों पर दो वॉलेंटियर्स लगाये जायेंगे। वे इनमें तेल भरकर एकसाथ जलायेंगे। वॉलेंटियर्स को आइडेंटिटी कार्ड प्रदान किये जायेंगे तथा विभिन्न घाटों पर उनकी इंट्री कौन-से गेट से होगी, यह भी तय किया जायेगा। कार्यक्रम की लाईव रिकार्डिंग करवाई जायेगी.

20 हजार स्वयंसेवक लगेंगे दीपोत्सव में

बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक ने बताया कि दीप प्रज्वलित करने के लिये 20 हजार स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी। इन्हे प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। घाटों का नाम भी प्रवेश पत्र पर दर्ज होगा,जहां उन्हे भागीदारी करना है। इस बार का आयोजन जीरो वेस्ट होगा। हर स्पॉट पर हेल्पडेस्क और मेडिकल टीम रहेगी। इसे गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज किया जायेगा। बैठक में शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम का लोगो भी लोकापिर्तत किया गया।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर