उज्जैन शहर में 22 से अधिक स्थानों पर तैनात होता, ट्रैफिक पाइंट
उज्जैन। महिला दिवस के उपलक्ष्य में छह मार्च को महिला पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालेंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है, वहीं प्रदेश में यातायात जागरुकता को लेकर इसी दिन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक के माध्यम से निर्देश जारी किए गए हैं।
हर वर्ष 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष महिला दिवस के दिन ही होली होने के कारण 6 मार्च को यातायात विभाग द्वारा यह पहल की जाएगी। उज्जैन के साथ ही इंदौर,भोपाल,ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और प्रदेश के अन्य शहरों में महिला अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात नियंत्रण के कार्य को संचालित करेंगी।
शहरों के सभी चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ही लगाई जाएगी। वाहन चालकों को देंगी समझाइश महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस विभाग द्वारा यह पहल की गई है। 6 मार्च को सुबह 8 बजे से प्रदेश के विभिन्न शहरों में महिला पुलिसकर्मी चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगी। इस दौरान वह वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए समझाइश भी देती नजर आएंगी।
प्रदेश के हर शहर और कस्बों में यह नजारा देखने को मिलेगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में हजारों महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें महिला पुलिस आरक्षक से लेकर अधिकारी रैंक की महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। इनके माध्यम से हेलमेट धारण न करना, सीट बेल्ट न लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, ओवर स्पीडिंग के उल्लंघन पर कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात विभाग में तैनात महिला अधिकारी और कर्मचारी ना केवल यातायात व्यवस्था को संभालेंगी, बल्कि नागरिकों को जागरूक भी करेंगी।