Sunday, September 24, 2023
Homeउज्जैन समाचारमानसून की दस्तक के साथ 1 इंच पानी बरसा

मानसून की दस्तक के साथ 1 इंच पानी बरसा

तीन दिन मध्यम और तेज बारिश के रहेंगे

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन एक सप्ताह देरी से आए मानसून ने मालवांचल सहित उज्जैन में दस्तक दे दी है। कल शाम को शहर में मानसून की बारिश शुरू हुई और देर रात तक पानी बरसता रहा। इस दौरान वेधशाला में 1 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। अगले तीन भी उज्जैन में मध्यम और तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश के चलते बीती रात न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई। शहर की सड़कें सुबह भीगी हुई थी और बादल भी छाए हुए थे।

वेधशाला अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त के मुताबिक इस वर्ष मानसून मालवांचल सहित उज्जैन में लगभग एक सप्ताह देरी से पहुंचा है। सोमवार शाम से बारिश का दौर शुरू हो गया था। रात में भी पूरे शहर में रूक-रूक कर मध्यम और तेज वर्षा होती रही। वेधशाला में मंगलवार सुबह तक 25.4 मिमी अर्थात 1 इंच वर्षा रिकॉर्ड हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि बीती रात न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन बादलों के छाने और बारिश की संभावना के चलते आज इसमें भी गिरावट आने की पूरी संभावना है।

कई जगह सड़कों पर भराया पानी

कल शाम से देर रात तक चले बारिश के दौर के कारण शहर के अधिकांश इलाकों में सड़कों पर मंगलवार सुबह तक पानी जमा दिखाई दिया। बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों में बीती रात सड़कों पर पानी जमा हो गया था। पुराने शहर के नई सड़क क्षेत्र, गोंदा की चौकी, छत्री चौक पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में भी जलजमाव जैसी स्थिति बन गई थी।

श्रद्धालुओं की समस्या बढ़ी

महाकाल क्षेत्र में विस्तारीकरण योजना के चल रहे कार्यों के कारण महाकाल पहुंच मार्गों पर अधिकांश जगह कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। कोट मोहल्ला चौराहा से महाकाल चौराहे तक खोदी गई सड़क की बारिश के बाद हालत और खराब हो गई है। यहां कीचड़ पसर गया है। चारधाम मंदिर के सामने से ब्रिज की चौथी भुजा की ओर जाने वाले अधूरे बने मार्ग पर भी कीचड़ फैल गया है। इससे भी लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर