Advertisement

मिनी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर युवक की मौत, ग्रामीणों ने फूंक दी बस

हादसा: गरोठ हाई-वे पर रात भर हंगामा, क्रेन समय पर नहीं पहुंची, भडक़े लोग

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गरोठ हाई-वे पर शुक्रवार रात एक सडक़ हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। किसान युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने बस फूंक दी और जमकर नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि चार लोग गंभीर घायल हैं।

गरोठ रोड पर यह हादसा रात करीब 10 बजे हुए हुआ। दिल्ली से उज्जैन आ रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस (डीएल 01 वीसी 5919) ने तुलाहेड़ा टोल के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार ब्राह्मणखेड़ा मऊड़ीपुरा का विजय पिता रामचंद्र सोलंकी (21) दब गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विजय करीब डेढ़ घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे फंसा रहा, लेकिन टोल प्लाजा से क्रेन, पुलिस सहायता और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। डेढ़ घंटे बाद जब क्रेन आई, तो उसमें ट्रैक्टर उठाने के लिए जरूरी संसाधन (पट्टा आदि) नहीं थे। इसी देरी और लापरवाही के कारण विजय तड़पता रहा और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

Advertisement

ग्रामीणों ने बस में लगाई आग: विजय की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वह इतने गुस्से में थे कि पहले उन्होंने बस पर पथराव किया और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते बस धूं-धूं कर जल उठी। गनीमत रही कि यात्री पहले ही उतर चुके थे। डरे-सहमे श्रद्धालुओं को अन्य वाहनों से उज्जैन भेजा गया। हालांकि बस में रखा उनका सामान खाक हो गया। ग्रामीणों ने टोल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सडक़ पर जाम लग दिया। जाम की वजह से हाई-वे पर करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी की
स्थिति रही।

चक्काजाम…. तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

Advertisement

चक्काजाम, उपद्रव और हंगामे की सूचना मिलते ही तीन थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया। राघवी थाना प्रभारी काजल सिंह (आईपीएस), घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल और पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर देर रात तक डटे रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और टोल प्रबंधन पर लापरवाही के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर उन्होंने जाम हटाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गेहूं बेचने आ रहे थे उज्जैन

विजय मूल रूप से किसान थे। वह गेहूं बेचने ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन मंडी आ रहे थे। गांव के ही राजेश पिता बद्रीलाल शर्मा को भी उन्होंने साथ ले लिया था। रास्ते में अचानक हादसा हो गया। टक्कर में दूर फिंका जाने के कारण राजेश की जान बच गई, लेकिन वह गंभीर है। ट्रैक्टर चला रहा विजय दब गया। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर क्रेन आ जाती तो विजय को बाहर निकाला जा सकता था और उसकी जान बच सकती थी। तीन साल पहले ही विजय की शादी हुई थी। घटना के बाद से परिवार में मातम है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घट्टिया टीआई करण खोवाल के मुताबिक फिलहाल मिनी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

चार घायल, दो की हालत नाजुक: हादसे में ट्रैक्टर सवार राजेश शर्मा, बस ड्राइवर शिवकुमार (अमृतसर) और यात्री बॉबी व धर्मेंद्र कुमार (दिल्ली) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल उज्जैन भेजा गया। यहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें