पर्यावरण संरक्षण का दिया अनूठा संदेश….
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन। कार्तिकचौक महाकाल वन में विराजे स्वयं-भू प्राचीन दक्षिण मुखी वीर हनुमान महाराज ने भक्तों को अनूठे अंदाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मंदिर को मोगरे की कलियों से सजाया गया और भगवान को आरती पश्चात ५१ किलो आम से बने आमरस का भोग लगाया गया।
मंदिर के पुजारी पंडित जस्सू गुरु महाराज ने बताया गर्मी में भगवान को शीतलता के लिए सवा लाख मोगरे, गुलाब की कलियों से शृंगारित कर 51 किलो आम, 11 किलो तरबूज, 11 किलो केले व 5 किलो खरबूज आदि फलों का भोग लगाया। विश्व पर्यावरण दिवस पर शृंगार दर्शन में पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखे थे।
इस दौरान शाम 5 से रात 9 बजे तक भक्तों ने शृंगार दर्शन किए तथा आम रस प्रसाद भक्तों को वितरित किया। रात 8 बजे निर्मोही अखाड़ा के महामंडलेश्वर ज्ञान दास महाराज, महाकाल मंदिर के पुजारी दिनेश त्रिवेदी, महेश पुजारी, सुरेंद्र चतुर्वेदी, राजेश त्रिवेदी, भगवान शर्मा, राजेन्द्र बंसल आदि अतिथियों ने ढोल-ढमाकों से महाआरती की। अतिथियों का दुपट्टे व मोती की माला से स्वागत किया गया।
मंत्रोच्चार कर पूजन अंकित शास्त्री ने कराया। आयोजन में संजय शर्मा, लखन गुप्ता, अक्षत गुप्ता, सौरभ सराफ, जितेंद्र शर्मा, यश शर्मा, मनोज दुबे, अक्षय कुमरावत, सहदेव शर्मा, महिला मंडल की श्रीमती संतोष शर्मा, मोनिका शर्मा, रिमझिम शर्मा, प्रीति शर्मा, पूजा शर्मा, सुनीता सराफ, सहित भक्तजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।