रात के तापमान ने बनाया नया रिकार्ड…
27.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
उज्जैन। गुजरात तथा राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने शहर में अब रात के तापमान को भी रिकार्ड स्तर तक बढ़ा दिया है। बीती रात न्यूनतम तापमान करीब साढ़़े तीन डिग्री उछलकर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीती रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही।
वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह से 8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। वर्तमान में गुजरात और राजस्थान की ओर से गर्म हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। इसके कारण उज्जैन समेत पूरे मालवांचल में गर्मी और तपिश बढ़ गयी है।
हालांकि सोमवार को न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और यह 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लेकिन रविवार रात न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के मुकाबले सोमवार रात यह बढ़ कर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया इस वजह से बीती रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। रात के तापमान में आये इस उछाल के कारण लोगों को अब दिन के अलावा रात में भी भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।