रामघाट डूबा, शिप्रा छोटी रपट से पांच फीट ऊपर
बरसात: 4 घंटे में तीन इंच
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बनने का प्रभाव प्रदेश के अन्य जिलों के साथ ही उज्जैन में रहा। नतीजतन चार घंटे में तीन इंच पानी बरसा।
झमाझम वर्षा से कई इलाकों में जल जमाव हो गया। आने वाले दिनों में इसी तरह की वर्षा का दौर बना रह सकता है। भारी वर्षा से शिप्रा का जलस्तर बढऩे से रामघाट डूब गया। वही नदी का पानी छोटी रपट से 5 फीट ऊपर बह रहा था।
अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण पूरे प्रदेश में वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार तड़के करीब 3 बजे शहर में जोरदार बरसात का सिलसिला प्रारंभ हुआ,जो सात बजे तक चल रहा। बरसात का क्रम इतना तेज था कि कुछ ही पल में हर तरफ पानी ही पानी ही हो गया।
वेघशाला की जानकारी के अनुसार 74 मिमी वर्षा (३इंच) दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में शहर में 105.6 मिमी (4 इंच से अधिक) वर्षा हो चुकी है। अब तक शहर में 445 मिमी बरसात हुई है। जोरदार वर्षा के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया था। हालांकि वर्षा थमने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
घाटों पर आया पानी
शिप्रा का जल स्तर तेजी से बढ़ा और रामघाट सहित अधिकांश घाट पानी में डूब गए थे, वहीं नालों का भी पानी शिप्रा में मिल रहा था। बडऩगर रोड स्थित छोटी रपट पूरी तरह से जलमग्न हो गई थी। इस पर आवागमन रोक दिया गया है।