रेप-ब्लैकमेलिंग के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव

मोहित बनकर भाजपा नेता के बेटे ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर में लव जिहाद और धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी की डिजिटल मार्केटिंग सेल्स मैनेजर को अपनी पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाया गया। आरोपी फरहान शेख, जो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के एक नेता का बेटा बताया जा रहा है, ने खुद को ‘मोहित’ बताकर युवती के साथ दोस्ती की और फिर डरा-धमकाकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीडि़ता ने हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के साथ महिला थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रेप और धर्म परिवर्तन की धाराओं में केस दर्ज कराया है।
22 वर्षीय पीडि़ता के अनुसार, उसकी मुलाकात आरोपी से अक्टूबर 2025 में विजय नगर के एक कैफे में हुई थी। तब आरोपी ने अपना नाम मोहित बताया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 15 नवंबर को आरोपी ने उसे अपने माता-पिता से मिलवाने के बहाने एक फ्लैट पर बुलाया। वहां आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने उस पर शादी का दबाव बनाया, तब आरोपी ने अपनी असलियत उजागर की। उसने बताया कि उसका नाम मोहित नहीं बल्कि फरहान है और वह पहले से ही शादीशुदा है।
धोखाधड़ी का पता चलने पर जब युवती ने दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी अपने असली रंग में आ गया। आरोप है कि फरहान ने युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे, जिनके दम पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। 13 दिसंबर 2025 तक वह डरा-धमकाकर युवती का शोषण करता रहा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा।
संगठन की मदद से दर्ज हुई एफआईआर
आरोपी की धमकियों से परेशान होकर पीडि़ता ने अपने चचेरे भाई को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला हिंदू जागरण मंच तक पहुंचा। संगठन के कन्नू मिश्रा और अन्य पदाधिकारियों के साथ युवती ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुढ़ानिया निवासी फरहान पुत्र शफुद्दीन शेख के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता हातोद इलाके में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।









