लापरवाही: जिस वार्ड में मरीज भर्ती वहीं चल रहा है रंगाई-पुताई का काम
जिला अस्प्ताल की बाहरी दीवारों की पुताई का एक माह बाद ही गिरने लगा पेंट
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन।जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की बड़ी लापहरवाही सामने आई है। अस्पताल में रंगाई-पुताई का काम मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट किए बगैर किया जा रहा है। इससे महिला मेडिसीन वार्ड में भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिसंबर माह में जिला अस्पताल बिल्डिंग की बाहरी दीवारों की पुताई का काम पूरा हुआ था। यह काम सिविल सर्जन कार्यालय के माध्यम से 5 लाख रुपये के टेण्डर पर हुआ था।
बताया जाता है कि ठेकेदार ने पेटी कांट्रेक्ट पर दूसरे व्यक्ति से बिल्डिंग की पुताई का काम कराया जिसका परिणाम यह हुआ कि बाहरी दीवारों की पुताई के एक माह बाद ही दीवारों से पेंट छूटकर गिरने लगा है, वहीं दूसरी ओर अब अस्पताल के वार्डों की पुताई का काम शुरू कराया गया है। खास बात यह कि मरीज वार्ड में भर्ती हैं उनके पलंग आगे पीछे खिसका कर पेंटरों द्वारा दीवारों की घिसाई की जा रही जिससे उड़ रही धूल के कारण उनका सांस लेना भी दूभर है।
मेरे नॉलेज में नहीं है
इस संबंध में जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. भोजराज शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह से ही वार्ड में पुताई का काम शुरू हुआ। मेरे नॉलेज में नहीं था। दिखवाता हूं क्या स्थिति हैं।
सिविल सर्जन बोले-किसी को कोई परेशानी नहीें
रंगाई-पुताई से किसी को कोई परेशानी नहीं है। मरीजों के पलंग खिसकाकर घिसाई हो रही है। रंगाई-पुताई से लोगों को घरों में भी दिक्कत होती है तो क्या वे घर छोड़कर चले जाते हैं।
डॉ.पी.एन. वर्मा,सिविल सर्जन जिला अस्पताल