Tuesday, May 30, 2023
Homeब्यूटी एंड फैशनलिपस्टिक को लगाते समय न करें ये गलतियाँ

लिपस्टिक को लगाते समय न करें ये गलतियाँ

हर महिला स्वयं को सुन्दर देखना पसन्द करती है। स्वयं को सुन्दर व आकर्षक दिखाने के लिए महिलाएँ मेकअप का सहारा लेती हैं। मेकअप में वे क्रीम, पाउडर, बिन्दी, काजल, लाइनर और फाउंडेशन का प्रयोग करती हैं। इन चीजों के इस्तेमाल से उनके चेहरे की रंगत बदल जाती है। सांवला चेहरा खूबसूरत और खूबसूरत चेहरा बेहद खूबसूरत नजर आने लगता है। उस पर सोने पर सुहागा तब होता है जब वह अपने होंठों पर लिपस्टिक लगाती हैं। पूरे चेहरे की रौनक लिपस्टिक से ही नजर आती है।

लिपस्टिक लगाने के बाद महिलाओं का चेहरा पहले से कहीं ज्यादा सुन्दर नजर आता है। बिना लिपस्टिक के महिलाओं का मेकअप पूरा नहीं होता है। लिपस्टिक जहाँ खूबसूरती को बढ़ाने का काम करती हैं वहीं दूसरी ओर वह कभी-कभी खूबसूरती में दाग लगाने का काम भी करती है। यह तब होता है जब लिपस्टिक लगाते हुए महिलाओं से चूक हो जाती है। डालते हैं एक नजर उन गलतियों पर जो लिपस्टिक लगाते वक्त हो जाती हैं—

सिर्फ एक कोट लगाना

देखा जाता है कि महिलाएं लिपस्टिक का सिर्फ एक ही कोट अपने होंठों पर लगाती हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। यदि आपको लिपस्टिक को अपने होंठों पर लम्बे समय तक बनाए रखना है तो इसके 2-3 कोट जरूर लगाने चाहिए। इसका भी एक तरीका है। पहले लिपस्टिक का एक कोट लगा लें। फिर उस पर पाउडर लगाएँ और उसके बाद दूसरा कोट लगायें। इस तरह लिपस्टिक लगाने से वह लंबे समय कायम रहती है।

टिशू पेपर का उपयोग करना

लिपस्टिक का फाइनल कोट लगाने के बाद यदि आपको यह महसूस होता है कि लिपस्टिक ज्यादा गहरी नजर आ रही है तो आप उसकी अतिरिक्त परत को हटा सकती हैं। इसके लिए आपको टिशू पेपर का इस्तेमाल करना चाहिए। टिशू पेपर पर लिपस्टिक लग रही है तो हल्का सा पाउडर और लगा लें।

फटे और रूखे होंठ

बिना अपने होंठों को देखे लिपस्टिक न लगाएं। यदि आपके होंठ रूखे या फटे हुए हैं तो लिपस्टिक लगाने से पूर्व उन्हें स्क्रब कर लें। इसके लिए आधा चम्मच चीनी में आधा चम्मच शहद मिलाएँ और अपने होंठों पर रगड़ लें। इससे होंठों पर जमी हुई मृत त्वचा अपने आप निकल जाएगी। इसके बाद ही लिपिस्टिक का उपयोग करें।

मॉइस्चराइजर नहीं लगाना

लिपस्टिक भले ही कितनी अच्छी क्यों न हो, आपको उसे लगाने से पहले अपने होंठों पर मॉइस्चराइजर जरूर लगाना चाहिए। मॉइस्चराइजर लगाने से होंठों की नमी बरकरार रहती है और उसके कारण लिपस्टिक लगाने के बाद होंठ भी ज्यादा खूबसूरत दिखाई देते हैं।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर

error: Alert: Content selection is disabled!!