Wednesday, October 4, 2023
Homeउज्जैन समाचारवनस्पति घी मिलाकर बनाया जा रहा था नकली मावा

वनस्पति घी मिलाकर बनाया जा रहा था नकली मावा

खाद्य विभाग टीम ने की उन्हेल में मां भवानी डेयरी फार्म पर छापामार कार्रवाई

करीब ढाई क्विंटल नकली मावा, वनस्पति घी और क्रीम जप्त किया

9 नमूने लेकर जांच हेतु राज्य प्रयोगशाला भेजे

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। विवाह मूहुर्तों के बीच इन दिनों मावे की अच्छी खासी मांग है। इसी बात का फायदा मिलावट खोर उठा रहे है तथा लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे है। मंगलवार रात उन्हेल में खाद्य विभाग की टीम ने नकली मावा बनाने वाली एक डेयरी पर छापा मारा। यहां वनस्पति घी और अन्य हानिकारक मिलाकर क्विंटलों नकली मावा बनाया जा रहा था। टीम ने यहां से नकली मावा निर्माण में प्रयुक्त सामग्रियां जप्त की और जांच नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाल भेजे।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीडी शर्मा ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि खजुरिया खाल पगारिया स्टेण्ड, उन्हेल में स्थित मां भवानी डेयरी फार्म पर बड़े पैमाने पर वनस्पति घी और अन्य हानिकारक पदार्थ मिलाकर नकली मावे का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम मंगलवार रात साढ़े ११ ग्यारह बजे के लगभग मौके पर पहुंची तथा डेयरी पर छापामार कार्रवाई की।

इस दौरान मौके पर वनस्पति मिलाकर नकली मावा बनाते पाया गया। यहां फैक्ट्री में तैयार नकली मावे सहित बड़ी मात्रा में वनस्पति घी तथा क्रीम और अन्य पदार्थ भी पाए गए। पंचनामा बनाकर सभी जब्ती लिए गए तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मौके पर 9 ट्रे में रखे हुए नकली मावे में से मावे के ५, केन में रखी क्रीम का १ और प्लास्टिक के टब में रखे गए वनस्पति घी तथा प्लास्टिक की बाल्टी एवं 15 लीटर प्लास्टिक टीन में रखे गये वनस्पति घी से भी नमूनें संग्रहित किए गए। ९ सैंपल को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।

रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी डी शर्मा ने बताया कि भेजे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से प्राप्त होने के पश्चात् डेयरी संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जावेगी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर तथा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अनुकूल जैन के निर्देशन में नायब तहसीलदार नागदा नवीन छलोत्रे के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने की है।

पंचनामा बनाया, जब्ती में ली सामग्री

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मौके पर उक्त नमूने लेने के अलावा यहां से 231 किलोग्राम नकली मावा, 17 किलो 600 ग्राम वनस्पति घी, 22 किलोग्राम घी, 65 लीटर दूध तथा 10 किलो 580 ग्राम क्रीम जप्त किया गया।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर