विक्रम व्यापार मेले का पहला दिन… 501 वाहन बिके, टैक्स में मिल रही 50 प्रतिशत की छूट

340 चौपहिया, 136 दोपहिया और 25 अन्य वाहन घर ले गए ग्राहक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। यदि आप अपने सपनों की गाड़ी खरीदने का सोच रहे हैं तो यह सही मौका है। इंदौर रोड स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में लग रहा विक्रम व्यापार मेला पहले ही दिन ग्राहकों की चहलकदमी से गुलजार हो गया। रोशनी से जगमगाते इस मेले में अपनी पसंदीदा कार और टू-व्हीलर खरीदने के लिए लोग पहुंचे। पहले ही दिन 501 वाहन बिक गए, जो इसके क्रेज को दिखाता है। इसमें 340 चौपहिया, 136 दोपहिया और 25 अन्य वाहन शामिल रहे।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संतोष मालवीय ने बताया कि सोमवार को विक्रमोत्सव व्यापार मेले के पहले ही दिन कुल 501 वाहन बिके जिनमें जीवनकाल मोटरयान कर की दर में 50 प्रतिशत की छूट दी गई। इनमें कुल 136 दोपहिया, 340 चौपहिया और 25 अन्य वाहनों की बिक्री के बाद उनका भौतिक सत्यापन करवाया गया और फिर छूट देने की कार्रवाई की गई।
अभी भी कई शोरूम का काम चल रहा
व्यापार मेला अभी पूरी तरह नहीं लग सका है। सोमवार दोपहर में भी कई वाहनों के शोरूम के बनने का काम चलता रहा जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाएं भी जुटाई जाती रहीं। एक-दो दिनों के अंदर इनका काम खत्म कर लिया जाएगा जिसके बाद मेला पूरी रंगत में आ जाएगा। फिलहाल मेला गुड़ी पड़वा तक चलेगा।









