सॉफ्टवेयर इंजीनियर है आरोपी
भारतीय टीम के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की बेटी को दुष्कर्म की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस की IT सेल ने 23 साल के आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। उसे मुंबई लाया जा रहा है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम रामनागेश अलीबाथिनी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, उसने IIT हैदराबाद से बीटेक किया है और फूड डिलीवरी एप के लिए काम करता है।
कब दी थी धमकी?
T-20 वर्ल्ड कप में भारत को लगातार हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के बाद टीम इंडिया, न्यूजीलैंड से भी मैच हार गई। इसके बाद खिलाड़ी आलोचकों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए विराट की बेटी को धमकी देना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ही आरोपी ने कोहली की बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दे डाली।