Monday, December 11, 2023
Homeउज्जैन समाचारऑडियो वायरल 24 घंटे के अंदर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पत्ता कट

ऑडियो वायरल 24 घंटे के अंदर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पत्ता कट

ऑडियो वायरल 24 घंटे के अंदर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पत्ता कट

बोल वचन भारी पड़ गए रवि भदौरिया को

उज्जैन। नेताओं पर टीका-टिप्पणी,प्रत्याशी का नाम तय होने के साथ ही आपत्तिजनक बातें शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया को भारी पड़ गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भदौरिया को पद से हटा दिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने पत्र जारी कर भदौरिया को पद से मुक्त कर दिया है। इसकी पुष्टि कांग्रेस की उज्जैन जिला प्रभारी शोभा ओझा ने की है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया का ऑडियो वायरल होने से कांग्रेस में बवाल मच गया था। कथित ऑडियो वायरल होने के मामले को तूल पकडता देख प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है किप्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने रवि भदौरिया को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मभ्डिया में चल रहे ऑडियो के अनुसार आपका आचरण अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। आपको कारण बताओं नोटिस दिया गया है। इसका जवाब आने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार करेगी,तब तक आपके वर्तमान दायित्व अध्यक्ष शहर कांग्रेस के पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाता है।

इसके पहले प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने रवि भदौरिया को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण देने को कहा था। इसमें कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त ऑडियो में जो बाते कही गई है वह घोर आपत्तिजनक है। अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है।

जो ऑडियो प्रसारित हो रहा है,उसके संबंध में बताया जा रहा है कि वह आपका है। आपको निर्देशित किया जाता है अपना स्पष्टीकरण प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित करें। समयावधि में जवाब प्राप्त नहीं होने पर आपके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस पत्र के चंद घंटे बाद ही भदौरिया को पद से हटाने का पत्र जारी कर दिया गया।

बता दें कि शहर में अनेक लोगों के मोबाइल पर ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद कांग्रेस में बवाल मच गया था। यह क्लिप पार्टी के शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया की बताई जा रही थी। इसमें वे यह कहते सुनाई दे रहे हैं- कोई मुस्लिम नेता धार्मिक नगरी के अंदर टिकट नहीं ला पाएगा।

इस बातचीत को कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष नूरी खान से जोड़कर देखा जा रहा है। क्लिप में पार्टी के पूर्व शहर अध्यक्ष डॉ. बटुक शंकर जोशी को लेकर भी टिप्पणी की गई हैं।हालांकि, रवि भदौरिया ने इस ऑडियो क्लिप से अपना कोई भी संबंध होने से इनकार किया था। दरअसल, 15 जून को नूरी खान अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से मिलने भोपाल पहुंची थी। इसी पर भदौरिया ने नूरी के साथ गए उनके समर्थक को फोन पर आड़े हाथों ले रहे है। क्लिप में नूरी खान के अलावा बटुक शंकर जोशी समेत अन्य लोगों के बारे में टीका-टिप्पणी सुनाई दे रही है। उज्जैन उत्तर और दक्षिण विधानसभा सीटों के टिकट फाइनल होने की बात भी इस क्लिप में हैं।

यह है 5 मिनट 2 सेकंड की ऑडियो क्लिप वायरल

शनिवार को 5 मिनट 2 सेकंड की ऑडियो क्लिप वायरल हुई। इसमें दो आवाज सुनाई दे रही है। (वायरल ऑडियो की पुष्टि हम नहीं करते है।)

पहली आवाज: आज साहब ने मुझसे पूछा कि न्यूसेंस किसने फैलाया? मैंने कहा- उज्जैन में एक ही न्यूसेंस नेता है। अभी हाल ही में बात हुई तो बोले कि इसको समझाया नहीं। मैंने कहा- कितना समझाएं, न्यूसेंस है।

दूसरी आवाज: किसको?

पहली आवाज: अरे… क्या बोला है नूरी से तुम्हें नहीं मालूम। मैं बताता हूं। बताओ क्या बोला, ये बोला कि तुम्हें टिकट-विकट दे देंगे?
दूसरी आवाज: नहीं, टिकट विकट का बोलते हैं क्या कभी बड़े नेता कि क्या टिकट रहेगी फाइनल।

पहली आवाज: सुनो, ये डॉक्टर साहब (डॉ. बटुक शंकर जोशी) से बोलना कि थोड़ा मजबूत हो, तुम्हारे दोनों दुश्मन चुनाव लड़ रहे हैं। उज्जैन दक्षिण से राजेंद्र वशिष्ठ लड़ रहा है और उत्तर से माया का लगभग लगभग फाइनल कर दिया है।

दूसरी आवाज: हां, सही कह रहे हैं आप।

पहली आवाज: मैं बताऊं तुमको, अब उसको सिर्फ मैं ही काट सकता हूं।

दूसरी आवाज: उसके लिए क्या करना है, आप तो ये बताओ। उसको कैसे काट दोगे?

पहली आवाज: गलत जगह एनर्जी क्यों वेस्ट कर रहे हो? गलत जगह एनर्जी वेस्ट की तुमने।

दूसरी आवाज: मेरे पास मैसेज आया कि चलना है तो मैंने कहा कि चलो।

पहली आवाज: अपने भाई से पूछना तो था।

दूसरी आवाज: इसमें मेरी गलती थोड़ी है। अगर वो किसी और का कहता तो मैं थोड़ी जाता। वो थोड़ी मेरे अपोजिट था।

पहली आवाज: सुनो, यह डॉक्टर की औकात है न..जो मैं बोल रहा हूं..जीरो हो गई है जीरो। पूरी ताकत लगा लेगा तो भी वहां पर कुछ कर नहीं पाएगा। आज तक रवि भदौरिया नहीं समझ पाया तो वहां कौन पूछ लेगा उसको।

दूसरी आवाज: आप ही बताओ, वो तो गुरु रहे हैं।

पहली आवाज: गुरु है तो क्या करूं? गलत दिशा और गलत समय तीर नहीं चलाना।

दूसरी आवाज: अरे मेरी बात सुनो, बस तुम लाओ। मैं तो तुम्हारे साथ हूं।

पहली आवाज: मेरी टिकट की परवाह मत करो। कमलनाथ जी मेरे दोस्त हैं। और जिस तरह की ये लोग राजनीति कर रहे हैं न..कोई पूछने वाला नहीं मिलेगा इनको। सत्य बता रहा हूं मैं। ये आदमी (डॉ. बटुक शंकर जोशी) अपने लोगों को खत्म करता है। आज तुम लोग गए न टिकट के लिए। नूरी खान का टिकट नहीं हो रहा है वहां पर, ध्यान रखना। कोई मुस्लिम नेता धार्मिक नगरी के अंदर टिकट नहीं ला पाएगा। लेकिन अपन क्यों चले गए?

दूसरी आवाज: अरे नूरी खान अपने नेता के लिए ही लेकर गई न कमलनाथ जी के पास।

पहली आवाज: बहुत बढिय़ा बात बोली तुमने कि अपने नेता के लिए गए। मैं नमस्कार करता हूं तुमको। आप चले गए। आपने मुझसे पूछा नहीं। इलाज कर देंगे, चिंता मत करो। तुम्हें मुझे एक फोन तो लगाना था न। सुन लो, यहां से वहां तक फील्डिंग करी है। मेरा एक शब्द वहां बोल देता न तो इसकी तो औकात नहीं थी कि जीवित कर देता। मैंने वहां जिंदा रखा है। अशोक भाटी, मुकेश भाटी उनके सबके बोलने के बाद भी।

दूसरी आवाज: आपकी खिलाफत वाला मामला होता तो मेरा बाप भी नहीं जाता।

पहली आवाज: मेरी खिलाफत से मतलब नहीं है। मैं तो उसी आदमी को मानूंगा न, जो मुझसे पूछकर जाएगा। चलो समय है, देखते हैं..आगे करते हैं इलाज। तुम्हारा आज ही इलाज कर देंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान से पार्टी में भूचाल

प्रत्याशी चयन और नेता पर टिप्पणी का ऑडियो वायरल

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:कांग्रेस में प्रत्याशी चयन के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को लेकर की गई टीका-टिप्पणी को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का ऑडियो वायरल होने से पार्टी में भूचाल आ गया है। वायरल ऑडियो की पुष्टि हम नहीं करते है।

शहर के अनेक मोबाइल फोन पर एक ऑडियो वायरल हुआ है,जो शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया का बताया जा रहा है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष नूरी खान अपने समर्थकों के साथ कमलनाथ से मिलने भोपाल गई थी। ऑडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है नूरी खान द्वारा टिकट को लेकर कमलनाथ से बातचीत की गई है।

यह भी कहा जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर भदौरिया ने नूरी के साथ गए समर्थक को फोन पर जमकर लताड़ लगा दी। इसे रिकॉर्ड कर वायरल किया गया है। एक 5 मिनट 2 सेकंड के इस ऑडियो वायरल में नूरी खान और कांग्रेस के कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष डॉ.बटुक शंकर जोशी के बारे में टिप्पणी की गई है। ऑडियो में यह भी है कि उज्जैन दक्षिण से राजेंद्र वशिष्ट लड़ रहा है और उत्तर से माया का लगभग लगभग फाइनल है। ऑडियो में साब (कमलनाथ) से बात होने का हवाला भी दिया जा रहा है।

कांग्रेस और मेरी लोकप्रियता और सक्रियता के कारण कुछ लोगों ने यह षडय़ंत्र रचा गया है। ऑडियो फेक है। इसकी शिकायत पुलिस और कांग्रेस प्रदेश संगठन को करेंगे। फर्जी ऑडियो है मेरी और से किसी को कुछ बोला ही नहीं गया है।
रवि भदौरिया,शहर कांग्रेस अध्यक्ष।

ऑडियो के बारे में पता चला है। ऑडियो मेरे तक नहीं पहुंचा है। सुनने के बाद ही इस संबंध अपनी बात पार्टी प्लेटफार्म पर रखूंगी। सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करना है।

नूरी खान, प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर