शहर कोहरे के आगोश में…..

रात का तापमान बढ़ा दिन में गिरावट…..
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन वातावरण में आए बदलाव ने शहर की फिजा बदल दी है। नवंबर के आखिरी हफ्ते में मावठे ने ठिठुरन का खासा अहसास करा दिया। रविवार-सोमवार को हुई बारिश के बाद बादलों की मौजूदगी और वातावरण की नमी से शहर मंगलवार की सुबह घने कोहरे के आगोश में था। हालांकि रात के तापमान में वृद्धि हो गई है और दिन का तापमान कम हो गया है।
रविवार को मौसम में आने वाले बदलाव का असर अभी भी बना हुआ है। सोमवार को दिनभर बादलों की लुका छुपी चलती रही, जिससे शहर में ठंडक बढ़ गई थी। रात को हल्की बरसात से शहर फिर से भीग गया। मंगलवार सुबह से शहर में घना कोहरा छाया रहा। देवास, इंदौर, मक्सी, आगर सहित बडऩगर रोड पर भी कोहरा दिखाई दिया। वाहन चलाने में काफी दिक्कत आई। मौसम में बदलाव के साथ अब ठंडी हवा ने लोगों को कंपकपा दिया है। लोगों के सर्दियों के कपड़े तो निकाल ही लिए साथ ही इन वस्त्रों की दुकानों पर भी आवाजाही बढ़ गई है।
तापमान में अधिक बदलाव नहीं
मौसम में काफी ठंडक का अहसास हो रहा है, लेकिन तापमान में अधिक बदलाव नहीं है। सोमवार-मंगलवार की रात को न्यूनतम तापमान 17.0 डिसे रहा। यह एक रात पूर्व की तुलना में 2 डिसे अधिक था। सोमवार का दिन का तापमान 21.5 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 8.4 डिसे कम था।
यह पानी रबी फसलों के लिए अमृत….
कृषि विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार मावठे के रूप में गिरा यह पानी रबी फसलों के लिए अमृत का काम करेगा। जिले में इस साल भी रबी सीजन में मुख्य रूप से जिले में गेहूं, चना और आलू की बुआई हुई है।










