Sunday, October 1, 2023
Homeउज्जैन समाचारश्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का छाया उल्लास

श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का छाया उल्लास

सकल जैन समाज ने संयुक्त सुप्रभात फेरी निकाल किया सामूहिक ध्वज वंदन

पुराने शहर और फ्रीगंज क्षेत्र के विभिन्न जैन मंदिरों से एकत्रित होकर समाज पहुंचे विक्रम कीर्ति स्तंभ

अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन। तिथियों के मतांतर के चलते इस बार भगवान महावीर का जन्म उत्सव दो दिन मनेगा। इससे पूर्व आज सुबह परंपरा अनुसार श्वेतांबर तथा दिगंबर जैन समाज ने सामूहिक रूप से संयुक्त सुप्रभात फेरी निकाली। शहर के विभिन्न जैन मंदिरों से दोनों पंथ से जुड़े समाजजन बड़ी तादाद में इसमें शामिल हुए और फवारा चौक स्थित महावीर कीर्ति स्तंभ पर जाकर सामूहिक ध्वज वंदन किया। सकल जैन समाज में श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर उल्लास नजर आया।

उल्लेखनीय है कि तिथि के बीच अंतर के कारण इस बार नगर में जैन समाज द्वारा महावीर जयंती का पर्व 2 दिन मनाया जाएगा। दिगंबर जैन समाज द्वारा कल 3 अप्रैल को भगवान महावीर का जन्म उत्सव मनाया जाएगा जबकि श्वेतांबर जैन समाज द्वारा 4 अप्रैल को प्रभु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। परंतु आज सुबह दिगंबर तथा श्वेतांबर जैन समाज की संयुक्त शु प्रभात फेरी नगर के विभिन्न जैन मंदिरों से नियत स्थान पर एकत्रित होकर सामूहिक रूप से निकाली गई। प्रभात फेरी में शामिल समाज की महिलाएं केसरिया वस्त्रों में मजा आ रही थी जबकि सभी पुरुष सफेद परिधान पहने प्रभात फेरी में चल रहे थे।

प्रभात फेरी में शामिल हजारों समाज जन आज सुबह फव्वारा चौक स्थित विक्रम कीर्ति स्तंभ पहुंचे। यहां सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से ध्वज वंदन किया और भगवान महावीर के जयकारे लगाए। सामूहिक भोजन कार्यक्रम के पश्चात यहां स्वल्पाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति से जुड़े पदाधिकारियों मे अनिल गंगवाल, एमआईसी सदस्य रजत मेहता, जम्बू जैन धवल , डॉ. संजीव जैन, डॉ.राहुल कटारिया आदि के अलावा हजारों की संख्या में महिला और पुरुष समाज मौजूद थे।

आयोजन को लेकर अनिल गंगवाल ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज शाम 7.30 बजे से नमक मंडी स्थित श्री चंद्रप्रभु जैन मंदिर में श्री जिनेंद्र भक्ति कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें भजन गायक अमन जैन द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। वही दोपहर 1.30 बजे से विशाल महिला सम्मेलन आयोजित होगा। इससे पूर्व आज सुबह 5.45 बजे से सकल जैन समाज सुप्रभात फेरी निकाली गई जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित जैन मंदिरों से निकल कर सुबह फव्वारा चौक स्थित महावीर कीर्ति स्तंभ पर पहुंची और उसके बाद सामूहिक ध्वज वंदन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात स्वल्पाहार का कार्यक्रम आरंभ हुआ।

कल दिगंबर और परसों श्वेतांबर जैन समाज मनाएगा महावीर जयंती

उज्जैन। कल 3 अप्रैल को दिगंबर जैन समाज महावीर जयंती मनाएगा। अवसर पर नमक मंडी स्थित श्री चंद्रप्रभु जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा सुबह 8.00 बजे से निकाली जाएगी। शोभायात्रा यहां से आरंभ होकर नमक मंडी, छोटा सराफा ,कंठाल ,नई सड़क, दौलतगंज ,तोपखाना पटनी बाजार, छतरी चौक, बड़ा सराफा होते हुए पुन: मंदिर पर आकर समाप्त होगी। इसके बाद यहां भगवान महावीर के कलशाभिषेक होंगे।

इसी दिन महावीर तपोभूमि पर भी शाम 4.00 बजे से रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शाम 5.30 बजे से जन्म कल्याणक अभिषेक शुरू होगा। इसके बाद वात्सल्य भोज और पालना झूलाना कार्यक्रम होगा। अगले दिन 4 अप्रैल को श्वेतांबर जैन समाज द्वारा भगवान महावीर का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर