संकष्टी चतुर्थी पर चिंतामन गणेश को लगेगा तिल्ली के लड्डुओं का महाभोग

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन माघ मास की संकष्टी चतुर्थी 29 जनवरी सोमवार को मनाई जाएगी। महापर्व पर भगवान चिंतामन गणेश को लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। शहर के अन्य गणपति मंदिरों में भी तिल महोत्सव मनेगा।
उज्जैन में चिंतामन गणेश मंदिर के पं. शंकर पुजारी ने बताया कि माघ मास की संकष्टी चतुर्थी साल की 12 संकष्टी चतुर्थियों में बड़ी मानी गई है। इस दिन भगवान चिंतामन गणेश के पूजन का विधान है। देशभर से भक्त यहां सुख-समृद्धि व मांगलिक कार्यों में आ रहे व्यवधान को दूर करने के लिए भगवान के दर्शन, पूजन व प्रार्थना करने आते हैं।
माघी चतुर्थी पर मंदिर में तिल महोत्सव मनाया जाता है। इस बार भी उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। मंदिर के पट खुलने के बाद भगवान का अभिषेक पूजन कर विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद भगवान को तिल से निर्मित 56 पकवानों के साथ सवा क्विंटल तिल्ली के लड्डुओं का महाभोग लगाकर आरती की जाएगी। दिनभर दर्शन का सिलसिला चलेगा।
भगवान बड़े गणेश का स्थापना दिवस मनेगा
माघी संकष्टी चतुर्थी पर महाकाल मंदिर के समीप स्थित भगवान बड़े गणेश का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। भगवान का अभिषेक पूजन व श्रृंगार होगा। भगवान को तिल्ली के लडडुओं का भोग लगाया जाएगा। वैदिक विद्वान व बटुक गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ करेंगे। भगवान को दुर्वा, लाल पुष्प भी चढ़ाए जाएंगे। इसी प्रकार महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्री सिद्ध विनायक गणेश मंदिर में चतुर्थी पर भगवान को तिल से बने छप्पन पकवानों का भोग लगाया जाएगा। शिप्रा के रामघाट स्थित प्राचीन श्री गणपतेश्वर महादेव मंदिर में माघी तिल चतुर्थी पर भगवान गणपतेश्वर महादेव का गणेश रूप में विशेष श्रृंगार होगा।









