Tuesday, October 3, 2023
Homeदेशसलमान खुर्शीद की विवादित किताब मध्यप्रदेश में बैन होगी

सलमान खुर्शीद की विवादित किताब मध्यप्रदेश में बैन होगी

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि सलमान खुर्शीद की किताब राज्य में बैन की जाएगी। कांग्रेस देश को खंडित करने की बात करती है और सलमान खुर्शीद ने अपनी किताब सनराइज ओवर अयोध्या में उसी विचार को आगे बढ़ाया है। हम इस किताब को मध्यप्रदेश में बैन करने को लेकर कानून विशेषज्ञों से राय लेंगे।

गृहमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सलमान खुर्शीद ने बहुत निंदनीय पुस्तक छाप दी है। हिंदुत्व को खंडित करने का, हिंदू को जाति में बांटने का, कोई अवसर ये लोग नहीं छोड़ते। भारत देश को खंडित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह कहने वाले के पास सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी गए थे।

ये वही विचार है, जिसे सलमान खुर्शीद आगे बढ़ा रहे हैं। महान भारत नहीं बदनाम भारत है, जो कमलनाथ जी ने कहा था, ये उसी का हिस्सा है। कैसे भी देश जातियों में बंट जाए। हिंदुत्व के टुकड़े हों और इसी वजह से हमारी आस्था पर प्रहार करने का कभी कोई अवसर नहीं छोड़ा। जिस हिंदुत्व के बारे में सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि हिंदुत्व एक जीवनपद्धति है। उस हिंदुत्व पर भी उन्होंने सवाल उठा दिए। अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी इसे स्पष्ट करें कि वो किसके साथ हैं। मैं मध्यप्रदेश के कानून विशेषज्ञों से राय-शुमारी करूंगा। मध्यप्रदेश में इस किताब को बैन करेंगे।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर