किराये के मकान में रखा और चार माह बाद अकेला छोड़कर भाग गया युवक
सागर की महिला को फोन से प्रेम जाल में फंसाकर किया दुष्कर्म
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:सागर के भानगढ़ में रहने वाली महिला को फोन से प्रेमजाल में फंसाकर सिंधी कालोनी में रहने वाला युवक उसे एक बच्चे के साथ भगाकर उज्जैन ले आया। यहां चार माह तक किराये का मकान लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर अकेला छोड़कर भाग गया। महिला ने उसके खिलाफ माधव नगर थाने में अपहरण व दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि भानगढ़ सागर में रहने वाली 24 वर्षीय महिला के मोबाइल पर 13 अक्टूबर 22 को देवेन्द्र पिता शंकरलाल भाटिया निवासी सिंधी कालोनी का फोन आया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी जो प्रेम प्रसंग में बदल गई। चार माह पहले देवेन्द्र ने फोन पर कहा कि तुम बीना स्टेशन आ जाओ दोनों शादी कर साथ रहेंगे।
उक्त महिला अपने छोटे बेटे के साथ बीना स्टेशन आई जहां से देवेन्द्र भाटिया उसे उज्जैन ले आया और यहां किराये के मकान में रखा। चार माह तक देवेन्द्र से उससे शादी नहीं की बल्कि उसे दुष्कर्म का शिकार बनाता रहा। महिला ने जब देवेन्द्र पर शादी का दबाव बनाया तो वह महिला को किराये के मकान में बच्चे के साथ अकेला छोड़कर भाग गया।
महिला यहां से वापस भानगढ़ लौट गई और वहां पहुंचकर देवेन्द्र भाटिया के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म का केस दर्ज कराया जहां से पुलिस ने मामला माधव नगर थाने भेजा है।
मूक बधिर बालिका को ई रिक्शा में ले जाने वाले ड्रायवर पर अपहरण व छेड़छाड़ का केस
महाकाल थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी मूक बधिर है। शुक्रवार दोपहर वह महाकाल मंदिर जल चढ़ाने गई लेकिन एक घ्ंाटे तक घर नहीं लौटी। पुलिस ने सूचना मिलने पर उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि किशोरी को ई रिक्शा में बैठते देखा गया था। पुलिस व किशोरी के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की जिसके बाद वह भेरवगढ़ बायपास स्थित गेलिया पीर दरगाह से आगे ईंट भट्टे के पास मिली।
उसे ई रिक्शा ड्रायवर अखिलेश पिता गौतम चौधरी निवासी गोंसा अपनी ई रिक्शा में बैठाकर वहां ले गया था। टीआई मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि किशोरी के मामा की तरफ से उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अखिलेश को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पास्को व छेड़छाड़ का केस भी दर्ज किया गया है।