सावन के पहले रविवार को महाकाल में उमड़ी भीड़
आज रात 2.30 बजे खुलेंगे मंदिर के पट, कल प्रोटोकॉल और शीघ्र दर्शन रहेंगे बंद
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:आज सावन माह के पहले रविवार को महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देर शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आज दर्शन करने का अनुमान लगाया जा रहा है। कल सावन का पहला सोमवार तथा महाकाल की सवारी के कारण आज रात 2.30 बजे से ही मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे।
इस बार सावन महीने की शुरुआत 4 जुलाई से हो चुकी है। सावन के पहले दिन से ही महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आज इस महीने का पहला रविवार है। इस कारण मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। तड़के होने वाली भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। चलित भस्म आरती में बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए।
आज व कल के लिए बदली व्यवस्था
मंदिर प्रशासक संदीप सोनी के मुताबिक आज सावन महीने का पहला रविवार है और कल पहला सोमवार। इन 2 दिनों में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसे देखते हुए आज तथा कल के लिए मंदिर में प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इन 2 दिनों में सभी श्रद्धालुओं को कम समय में दर्शन कराने के प्रयास हैं। आज और कल सभी श्रद्धालुओं को चार धाम पार्किंग की ओर से महाकाल लोक होते हुए मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर से मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। सभी को निर्माल्य द्वार वाले निर्गम द्वार से बाहर निकाला जा रहा है।
कल यह सुविधा नहीं मिलेगी
मंदिर प्रशासक सोनी के अनुसार कल सोमवार को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। इसे देखते हुए सोमवार को मंदिर में प्रोटोकॉल तथा 250 रुपए शुल्क वाले शीघ्र दर्शन व्यवस्था बंद रखी जाएगी। कावड़ यात्रियों को भी विशेष प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा।
रात से ही शुरु होंगे दर्शन
इधर आज रात 2.30 बजे भगवान महाकाल मंदिर के पट खुल जाएंगे। इसी के साथ ही दर्शनों का सिलसिला भी शुरू कर दिया जाएगा। पट खुलने के बाद भगवान महाकाल का अभिषेक और भस्म आरती की जाएगी। श्रद्धालु चलते-चलते भस्म आरती के दर्शन कर सकेंगे। इन 2 दिनों में लाखों लोगों के महाकाल दर्शन करने का अनुमान लगाया जा रहा है।