हम सभी अपनी रोजमर्रा की डाइट में कई तरह के फल व सब्जियों का सेवन करते हैं। यह फल और सब्जियां स्वाद और सेहत का खजाना मानी जाती हैं। लेकिन क्या आपने कभी पौधों के पत्तों के बारे में सोचा है। अधिकतर लोग इन्हें यूं ही बेकार समझते हैं, जबकि ऐसे कई पत्ते होते हैं, जो खाने योग्य होते हैं। इतना ही नहीं, इन पत्तों में विटामिन, खनिज, कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन, फाइबर, फोलिक एसिड, एंटीऑक्सिडेंट और अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इन पत्तों के सेवन से दिल से लेकर ब्लड शुगर और इम्युन सिस्टम आदि पर अच्छा प्रभाव डालते हैं। इनमें से कुछ को पकाया जा सकता है, जबकि अन्य का सेवन कच्चा या चाय के रूप में किया जा सकता है। यहां कुछ हेल्दी पत्तियों के बारे में बताया जा रहा है जिन्हें आप अपने आहार के पोषण को बढ़ाने के लिए लेना चाहिए।
तुलसी के पत्ते
तुलसी का पौधा सभी भारतीय घरों में पाया जाता है। तुलसी के पत्तों में कई औषधीय गुण होते हैं। ये तनाव और चिंता को कम करने के लिए आपके दिमाग और शरीर पर शांत प्रभाव छोड़ते हैं।पवित्र तुलसी सूजन को कम करने, हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और पाचन में सुधार करने में भी मदद कर सकती है। इनसे होने वाले लाभ के लिए आप तुलसी की चाय तैयार कर सकते हैं। इसे पीने से आपको ठंड और गले की खराश से भी राहत मिलेगी।
पुदीना
पुदीने की पत्तियां विटामिन ए, आयरन, फोलेट और मैंगनीज से भरपूर होती हैं। ये पत्ते आपके पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होते हैं। पुदीने की पत्तियां भी आपके मूड को बढ़ा सकती हैं। आहार में पुदीने की पत्तियों को शामिल करने से भी सांसों की बदबू से छुटकारा पाया जा सकता है। आप कुछ पुदीने की पत्तियों को चबा सकते हैं, इसके साथ सॉस तैयार कर सकते हैं, स्मूदी में मिला सकते हैं या पुदीने की चाय पी सकते हैं। इनका उपयोग गर्मियों में ताज़ा पेय तैयार करने के लिए भी किया जा सकता है।
केले के पत्ते
केले के पत्ते पर भी खाना खाने से काफी फायदा पहुंचता है। आज भी दक्षिण भारत में केले के पत्ते पर ही भोजन परोसने की परंपरा है। इससे फोड़े फुंसी की बीमारियों से बचाव होता है। पेट संबंधित बीमारियां जैसे कब्ज, अपच, गैस की समस्याएं दूर होती है, दरअसल केले के पत्ते में कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो आपको इन समस्याओं से बचाते हैं।
करी पत्ते
करी पत्ते का इस्तेमाल कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है। यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने से लेकर दस्त, कब्ज या पेट की ख़राबी जैसी पेट की समस्याओं को दूर करने में सहायक है। इसमें मौजूद विटामिन ए आंखों की रोशनी के लिए अच्छा माना जाता है। आप इसे अपनी डिश में मिला सकती हैं या फिर खाली पेट 4-5 ताजे करी पत्ते भी चबा सकती हैं।
अमरुद के पत्ते
अमरूद की पत्तियों के अंदर विटामिन सी और आयरन मौजूद होता है जो न केवल शरीर में खून की कमी को पूरा कर सकता है बल्कि इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में भी आपके बेहद काम आ सकता है।
नीम की पत्ती
आप खाली पेट नीम की पत्ती का सेवन कर सकते हैं। नीम की पत्तियां स्वाद में कड़वी जरूर होती है लेकिन इनके फायदे बेहद ही मीठे होते हैं। यह न केवल इम्यूनिटी को बूस्ट करने में उपयोगी है बल्कि ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में भी आपके बेहद काम आ सकती है। नीम की पत्तियां खून को साफ करती हैं। साथ ही त्वचा पर चमक बनाए रखती हैं।