बरसात में इन गड्ढों में भरेगा पानी, और खतरनाक हो जाएंगे…..
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन सीवरेज प्रोजेक्ट का काम कर रही टाटा कंपनी द्वारा खोदे गये गड्ढे में बुधवार सुबह फल मंडी पहुंच मार्ग पर एक किसान की आलू प्याज से भरी ट्राली का पहिया फंस गया। वह तो गनीमत रही कि वाहन पटलते-पटलते रह गया।
शहर में पिछले पांच वर्षों से भूमिगत सीवरेज लाइन डालने का काम चल रहा है। इस काम को टाटा प्रोजेक्ट कंपनी कर रही है। शुरुआत से ही गुणवत्ताहीन निर्माण और बगैर मापदंड के किये जा रहे चेंबर निर्माण के कारण कंपनी अक्सर चर्चाओं में रहती है। टाटा के खोदे गये गड््ढों ने कई लोगों की जान भी ले ली है। बावजूद इसके कंपनी की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इसका खामियाजा बुधवार सुबह मंडी में आलू प्याज बेचने आ रहे एक किसान को भी उठाना पड़ा। अंकपात मार्ग की ओर से किसान ट्रैक्टर ट्राली में आलू तथा प्याज की कट्टियां भरकर मंडी में बेचने के लिये पटेल नगर के पीछे वाले मार्ग से गुजर रहा था।
इसी दौरान यहां टाटा द्वारा सीवरेज कार्य के लिये खोदे गये गड्ढे में ट्राली का पहिया धंस गया। वह तो गनीमत रही कि वाहन पलटा नहीं अन्यथा किसान का बड़ा नुकसान हो जाता। पहिया गड्ढे में फंसने के बाद देर तक उसे निकालने की मशक्कत किसान द्वारा की जा रही थी। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में टाटा के आधे अधूरे काम के कारण आये दिन यही स्थिति बनती रहती है। बरसात में यह गड्ढे पानी भरने के बाद और खतरनाक हो जायेंगे।