हरसिद्धि चौराहे पर मैजिक चालक ने पुलिस जवानों पर किया हमला
प्रतिबंधित मार्ग पर जाने से रोका तो किया विवाद
लाइसेंस और परमिट निरस्त होंगे
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:हरसिद्धि चौराहे पर ड्यूटी कर रहे एसआई भंवरसिंह निंगवाल और ट्रैफिक जवान धर्मेन्द्रसिंह ङ्क्षसह चंदेल पर नशेड़ी मैजिक चालक मोनू लश्करी ने हमला कर दिया। पुलिस ने उसे प्रतिबंधित मार्ग पर जाने से रोका था। नशे की हालत में उसने बगैर सोचे समझे पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए मारपीट करना शुरू कर दी। उसे 10 से ज्यादा पुलिस कर्मियों ने पकड़कर नियंत्रण में किया और महाकाल थाने पहुंचाया। पुलिस कर्मियों की शिकायत पर मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।
हरसिद्धि माता मंदिर क्षेत्र में चारधाम और महाकाल मंदिर पहुंच मार्ग भी बंद है। इसलिए इस क्षेत्र में मैजिक प्रतिबंधित कर दिया गया है। मंगलवार सुबह मैजिक क्रमांक एमपी 13 टी ए 1041 का चालक मोनू लश्करी इसी प्रतिबंधित मार्ग में जाने का प्रयास कर रहा था।
बैरिकेड्स के यहां उसे ट्रैफिक जवान धर्मेंद्र सिंह ने रोका और वापस जाने के लिए कहा तो वह अभद्रता करने लगा और गाड़ी से उतरकर धर्मेंद्र को थप्पड़ जड़ दिया। विवाद होता देख ड्यूटी पर तैनात एसआई भंवर सिंंह निंगवाल समझाईश देने आए तो मैजिक चालक ने उन पर भी हमला कर दिया।
एक अन्य पुलिस कर्मी ने इस विवाद का सेट पर पाइंट चला दिया। जिससे पूरे पुलिस महकमें में पुलिस कर्मी पर हमले की सूचना प्रसारित हो गई। इस पर उसी क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक डीएसपी संतोष कौल और महाकाल थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मैजिक चालक को पकड़कर थाने लाए। मैजिक चालक को थाने पर बैठा रखा है और कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक डीएसपी संतोष कौल ने बताया कि मैजिक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।उसकी मैजिक का परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र लिखेंगे। इसके अलावा शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कराएंगे।