दो बार जारी नोटिस का जवाब नहीं दिया था संचालक ने…
हाईकोर्ट के आदेश पर होटल समय की नपती करने पहुंचे निगम अधिकारी….
कम्पाउंडिंग के अतिरिक्त निर्माण मिला तो तोड़ा जाएगा हिस्सा
अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन।शनिवार को निगम अधिकारियों ने उच्चतम न्यायालय के आदेश पर प्रियदर्शनी चौराहे के आगे स्थित होटल समय की नपती की तथा होटल में हुए अवैध निर्माण की जांच की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार उच्चतम न्यायालय के आदेश के परिपालन में नगर निगम के अधिकारियों द्वारा शनिवार को होटल समय की नपती करने के साथ ही यह जांच की गई कि होटल समय के संचालक द्वारा कितने हिस्से की कंपाउंडिंग की गई है तथा कितना भाग शेष है।
यदि कंपाउंडिंग के अतिरिक्त निर्माण कार्य किया गया है तो नपती की कार्रवाई के बाद उसे तोड़ा जाएगा। इससे पहले वरिष्ठ अधिकारियों से दिशा निर्देश लेकर नोटिस जारी किए जायेंगे तथा फिर कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक उच्चतम न्यायालय ने आदेश दिया था कि समय होटल द्वारा जो अतिरिक्त निर्माण किया गया है उसकी नपती की जाए। इस हेतु निगम अधिकारियों द्वारा होटल के स्वामी को 2 बार नोटिस भी जारी किए गए थे।
लेकिन समय होटल संचालक की तरफ से किसी भी नोटिस का जवाब नगर निगम को नहीं दिया गया। इसी के चलते हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए शनिवार को नगर निगम कि भवन अधिकारी विधु रानी कौरव, भवन निरीक्षक अनुशिता जैन पुलिस बल के साथ होटल समय पहुंची तथा संपूर्ण होटल की नपती की।
इनका कहना
होटल संचालक से पूर्व में हुई कंपाउंडिंग के दस्तावेज मांगे गये हैं। उसमें कुछ अनियमितता पायी गयी तो वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश अनुसार कार्रवाई की जायेगी। –विधु कौरव, भवन अधिकारी नगर निगम