अब उज्जैन में सीएनजी से चार शवों का एक साथ हो सकेगा दाह संस्कार

तीन नए सीएनजी किट लगे, जल्द शुरू होगा दाह संस्कार
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन चक्रतीर्थ पर शवों के अंतिम संस्कार की परेशानियां दूर होने जा रही है। विद्युत के साथ सीएनजी से भी शवदाह संस्कार किए जा सकेंगे। चक्रतीर्थ पर तीन नए सीएनजी किट लगाए गए हैं और इनको ट्रांसफार्मर से भी जोड़ दिया गया है। इस तरह सीएनजी शवदाह की चार यूनिट हो गई है। इससे एक साथ चार शवों का दाह संस्कार सीएनजी पर किया जा सकेगा। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत चक्रतीर्थ पर शवदाह के लिए सीएनजी यूनिट लगाई जा चुकी है, लेकिन केबलिंग की समस्या के कारण यह ठीक से चल नहीं पा रहा था।
हाल ही निगम प्रशासन ने 100 किलोवाट का नया ट्रांसफार्मर लगाकर 40 किलो वाट का कनेक्शन दिया गया है। साथ ही सीएनजी की तीन नई यूनिट भी लगाई गई है। जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन कर शुरू कर दिया जाएगा। हलांकि अभी यह 24 घंटे काम नहीं कर सकेगा, लेकिन जरूरत पडऩे पर इसका उपयोग किया जा सकेगा। मंगलवार सुबह पार्षद रजत मेहता ने इसका निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
14 लाख का शवदाह गृह
स्मार्ट सिटी योजना के तहत चक्रतीर्थ पर 14 लाख रुपयों से सीएनजी शवदाह गृह बनवाया गया है। कैबलिंग की समस्या के कारण इसका उपयोग ठीक से नहीं हो पा रहा था। बंदरों द्वारा कैबल खराब की जा रही थी। अब 7 लाख रुपए लागत का 100 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर चक्रतीर्थ के फ्रंट में लगाया गया है। इसे 40 किलोवाट के विद्युत कनेक्शन से जोड़ा गया है। पहले राणो जी छतरी से कनेक्शन था। इस कारण लंबाई अधिक थी और बंदर लाइन खराब कर देते थे।
जल्द करेंगे उद्घाटन
चुनाव की आचार संहिता हट गई है और सीएनजी यूनिट के लिए नया ट्रांसफार्मर भी लग गया है। इससे शवदाह गृह को जल्द शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। विधिवत उद्घाटन के बाद इसे शुरू किया जाएगा।
रजत मेहता, प्रभारी राजस्व समिति
शव रखने के लिए झुकना नहीं पड़ेगा
शवदाह गृह में अब शव रखने के लिए लोगों को ज्यादा झुकना नहीं पड़ेगा। कंधे से शव को सीधे सीएनजी यूनिट पर उतार सकेंगे। इसके लिए यूनिट की ऊंचाई ज्यादा रखी गई है। विद्युत शवदाह गृह में लोगों को यह समस्या आती है। पूर्व विधायक पारस जैन के प्रयासों से सीएनजी शवदाह गृह स्थापित किया गया।









