अभिनेत्री निधि और कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने किए भगवान महाकाल के दर्शन

नंदी हॉल में बैठकर किया पूजन, मंदिर समिति ने किया सम्मान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को अभिनेत्री निधि अग्रवाल और कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर पूजन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान का ध्यान भी किया। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों का सम्मान किया गया। अपने अनुभव शेयर करते हुए अभिनेत्री निधि ने कहा कि मैं पहले भी दर्शन करने आई हूं। यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। इसी तरह कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि यहां आकर बेहद आनंद आया। उन्होंने महाकाल लोक की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर सनातनी को यहां आना चाहिए। बच्चों को यदि सनातन से जोडऩा है तो मंदिर में जाते रहें।
संध्या आरती में पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम
उत्तरप्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शाम को भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ संध्या आरती में शामिल हुए। इस दौरान वह ध्यान में लीन रहे। दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे भगवान महाकाल की कृपा से कई बार यहां आने का सौभाग्य मिला। पहली बार ऐसा अवसर आया है जब में संध्या आरती में यहां पहुंचा हूं। उन्होंने महाकाल लोक की प्रशंसा भी की।









