उज्जैन-होली की तैयारी शुरू : केवल होगा परंपरा का निर्वाहन, आज रात से Lockdown

By AV NEWS

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस और प्रशासन की टीम

शांति समिति की बैठक में बताई अधिकारियों ने व्यवस्था

उज्जैन। शहर में होली की तैयारी शुरू हो गई है। कई स्थानों पर रंग और गुलाल की दुकानें भी सज गई है। हालांकि इस बार व्यापारी ज्यादा होली का सामान लेकर नहीं आए, जिनके पास पुराना सामान था उन्होंने ही सामान बेचना शुरू कर दिया है। शहर के अनेक स्थानों पर होली का डांडा तो गड़ा है, पर इस बार केवल पंरपरा का निर्वाहन होगा। इस संबंध पुलिस ने शुक्रवार शाम सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक बुलाई और स्थानीय लोगों को होली की परंपरा का निर्वाहन करने के निर्देश दिए हैं। ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन के पालन की तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस 71 पाइंट पर बेरिकेड्स लगाए जाएंगे। लॉकडाउन के लिए अस्थाई जेल पार्टियों की तैनाती भी कर दी गई है।

होली मनेगी पर केवल सीमित लोगों के साथ : एसडीएम गोविंद दुबे ने बताया कि सभी को सोशल डिस्टेंस के साथ होली मनाने के निर्देश दिए गए हैं। सामूहिक रूप से होली नहीं मनाई जा सकेगी, क्योंकि धारा 144 लगाई गई है। होलिका दहन दो -तीन लोग मिलकर कर सकेंगे। होलिका दहन करने से किसी को नहीं रोका जाएगा।

हर थाना क्षेत्र का अलग ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त: कलेक्टर आशीष सिंह ने होली, रंगपंचमी, शबे बरात और ईस्टर पर्व के चलते 14 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। इसमें चिमनगंज, जीवाजीगंज, पंवासा, भेरूगढ़ के लिए जगदीश मेहरा, माधवनगर, देवासगेट, नरवर के लिए एसडीएम गरिमा रावत, नानाखेडड़ा, नीलगंगा, नागझिरी के लिए वीरेंद्र दांगी, महाकाल, चिमनगंज, खाराकुंआ, कोतवाली के लिए एसडीएम गोविंद दुबे को नियुक्त किया गया है।

होलिका पूजन का मुहूर्त: पं. अमर डब्बावाला के मुताबिक होलिका पूजन रविवार को शाम 6 बजे से रात 8.59 मिनट तक श्रेष्ठ रहेगा। होलिका सामान्य लोग प्रदोष काल में करते है। सिंहपुरी की होली का ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 चार बजे है।

Share This Article