उज्जैन:100% उपस्थिति के निर्देश, फिर भी निगम में नहीं मिलते कर्मचारी

By AV NEWS

अभी तक नहीं टूटी निगम कर्मचारियों की सुस्ती, लोग हो रहे परेशान, अन्य सरकारी विभागों के भी यही हाल

उज्जैन। कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए लगाया गया जनता कर्फ्यू पूरी तरह से अनलॉक हो चुका है, शासन ने सरकारी दफ्तरों में 100 स्टाफ उपस्थिति के निर्देश जारी किए है, लेकिन अभी भी नगर निगम के अधिकांश दफ्तरों में कुर्सियां खाली रहती हैं, यहां कर्मचारियों की सुस्ती अभी तक नहीं टूटी हैं, जबकि आमलोग समय निकालकर अपने काम करवाने के लिए निगम मुख्यालय पर हर दिन आते रहते हैं।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने शहर को पूरी तरह से अनलॉक कर दिया है,लेकिन नगर निगम के कई दफ्तरों में लॉक डाउन की खुमारी अभी भी नहीं उतर रही है। जब मंगलवार को अक्षरविश्व ने इस बात का जायजा लिया तो ये सच्चाई नजर आई। राजस्व विभाग के कर्मचारी अपने दफ्तर में मौजूद थे तो प्रकाश विभाग और जन्म मृत्यु शाखा की अधिकांश कुर्सियां खाली पड़ी थी। इसी तरह सामान्य प्रशासन विभाग और स्थापना शाखा में भी सन्नाटा पसरा हुआ था। जबकि कर्मचारियों को 10:30 तक दफ्तरों में उपस्थित होने का समय निर्धारित हैं।

नगर निगम मुख्यालय में कई कर्मचारियों के देर से आने की शिकायत मिली है, सभी को काम पर पूरा फोकस करने के लिए स्पष्ट कहा जाएगा, नहीं तो वेतन काटेंगे।
– मनोज पाठक, अपर आयुक्त ननि

मंडी कार्यालय में भी चल रही मनमानी
सप्ताह के पांच दिन किसान अपने काम निपटाने के लिए आगर रोड स्थित कृषि उपज मंडी कार्यालय पहुंचता है, लेकिन कार्यालय की बिल्डिंग में संचालित कई दफ्तर ऐसे है जहां सुबह 11 बजे तक कर्मचारी नहीं पहुंचते हैं। मंगलवार को यहां नाममात्र के कर्मचारी नजर आए। तो इसके पास स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग का कार्यालय में तो ताला लगा मिला। यहां भी कर्मचारियों का देर से दफ्तर खोलना नजर आया।

Share This Article