उज्जैन:1200 पुलिसकर्मी करा रहे Lockdown का पालन

By AV NEWS

चैक पाइंटों पर लगाए टेंट और टेबल कुर्सी : अब यही पर चाय, पानी, नाश्ता और भोजन भी

उज्जैन।हम सड़कों पर बैठे हैं अपने परिवार को छोड़कर, अदृश्य दुश्मन से मानव जीवन को बचाने। इस बार कोरोना वायरस पिछले के मुकाबले अधिक खतरनाक है। शहर में संक्रमण की रफ्तार ने न सिर्फ तेजी पकड़ी है बल्कि अब तक के सारे रिकॉर्ड भी तोड़ दिये हैं। कलेक्टर ने 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगाया है। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें और आपूर्ति जारी रहेगी। पुलिस और प्रशासन कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिये हर स्तर पर प्रयास कर रहा है, अब बारी है शहरवासियों की।

कोरोना नियमों, लॉकडाउन का पालन करने की। लॉकडाउन की अवधि बढ़ते ही अब सड़कों पर पुलिस के लिये आशियाने बना दिये गये हैं। पुलिसकर्मी 24 घंटे सड़कों पर रहकर चाय, नाश्ता भोजन भी यहीं कर रहे हैं और लोगों को लॉकडाऊन का पालन करने की हिदायत दे रहे हैं। एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने बताया कि लॉकडाउन अब अधिक दिनों तक लागू रहेगा इस कारण पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। शहर के विभिन्न चैक पाइंटों पर कुल 1200 पुलिस अधिकारी और जवान ड्यूटी कर रहे हैं। सुबह 6 से 2, 2 से 10 और 10 से 6 बजे तक पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगे। ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मियों का छांव के लिये चैक पाइंटों पर टेंट लगाने के साथ टेबल कुर्सियां भी लगा दी गई हैं। पीने के पानी के कैंपर्स दिन में तीन बार रखे जाएंगे। इसी के साथ चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है।

पुलिसकर्मियों के परिजनों के लिये हेल्पडेस्क
लॉकडाउन ड्यूटी में लगे व अन्य सभी पुलिसकर्मियों के लिये विभाग द्वारा हेल्पडेस्क शुरू की है। बीमार पुलिसकर्मी और उनके परिजन इसकी मदद ले सकते हैं। यदि कोई पुलिसकर्मी या उनका परिजन कोरोना पाजिटिव होता है तो उनके उपचार हेतु पीटीएस अस्पताल में सुविधा दी जाएगी साथ ही कोरेंटाइन करने के लिये भैरवगढ़ थाने की नई बैरक का उपयोग किया जाएगा।

एसपी निकले लॉकडाउन की स्थिति देखने
सुबह एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल लॉकडाउन की स्थिति देखने निकले। उन्होंने फ्रीगंज सहित अन्य क्षेत्रों में बेरिकेडिंग और ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को देखा। बिना काम घूमने वालों को घर पहुंचाने के निर्देश दिये। शहर में तेजी से फैलती कोरोना की दूसरी लहर में एक ही दिन में 218 पॉजिटिव निकले। इस आंकड़े ने प्रशासन की चिंताओं को भी बढ़ा दिया है। सरकारी और प्रायवेट अस्पतालों के कोरोना वार्ड फुल हो चुके हैं। प्रतिदिन कोरोना मरीजों की मौतें भी हो रही हैं, जबकि स्वस्थ होकर घर लौटने वालों की संख्या काफी कम है। पूर्व में प्रशासन द्वारा शनिवार शाम से सोमवार सुबह तक लॉकडाउन लगाया था लेकिन इससे भी कोरोना संक्रमण फैलने की गति कम नहीं हुई। सरकार ने इसी के चलते अब 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगाया है।

सब्जी और फल मंडी बंद रही, कल से तय समय पर कारोबार होगा
लॉकडाउन के कारण चिमनगंज थोक सब्जी और फल मंडी बंद रहीं। दोनों मंडियों में किसी प्रकार का व्यापार नहीं हुआ। मंडी व्यापारी लक्ष्मण कोटवानी ने बताया कि सोमवार से प्रशासन द्वारा तय समय पर मंडी खुलेगी। यहां सिर्फ व्यापारियों को ही माल बेचा जाएगा। व्यापारी शहर में किस प्रकार फल और सब्जियों का विक्रय करेंगे इसकी जानकारी नहीं है। चिमनगंज थोक फल मंडी से शहर के अलावा नागदा, महिदपुर, बडऩगर आदि शहरों में भी माल सप्लाय होता है। लॉकडाउन लगने के कारण व्यापारी रात में दूसरे शहरों के आर्डर की पूर्ति करेंगे। सामान्य दिनों में लोडिंग वाहनों से दिन में माल की सप्लाय होती है।

Share This Article