एक और सडक़ चौड़ीकरण की तैयारी, अफसरों को जल्दी, विरोध भी

गाड़ी अड्डा चौराहे से ढांचा भवन-रणकेश्वर मंदिर तक चौड़ा होगा रोड
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। आगर रोड गाड़ी अड्डा चौराहे से ढांचा भवन होते हुए रणकेश्वर महादेव मंदिर तक प्रस्तावित एमआर-4 मार्ग चौड़ीकरण का काम शुरू होने वाला है। निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ यहां का दौरा किया और काम तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए। निगम की टीम ने मार्किंग शुरू की इसी बीच रहवासी विरोध में खड़े हो गए।
शनिवार को प्रभावित परिवारों और व्यापारियों ने एकजुट होकर नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव से मुलाकात की और अपनी पीड़ा व्यक्त की। रहवासियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जिस पैमाने पर तोडफ़ोड़ करने से उनका काफी नुकसान हो जाएगा।
189 भवन स्वामियों पर संकट, 7 दिन का अल्टीमेटम: इस परियोजना से कुल 189 भवन स्वामी सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। सर्वे के अनुसार, अधिकांश भवनों का 3 से 7 मीटर तक का हिस्सा तोडऩे के लिए चिह्नित किया गया है। निगम ने शनिवार को नोटिस जारी कर प्रभावितों को 7 दिन के भीतर स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि आर्थिक मुआवजे के बजाय भूमि विकास नियम-2012 के तहत अतिरिक्त एफएआर का लाभ दिया जाएगा।
24 नहीं, 15 मीटर पर बने सहमति
विरोध जताने के लिए क्षेत्र के लोगों ने अपने घरों और दुकानों पर काले फ्लैक्स लगा दिए हैं। इन पर लिखा है- हम विकास के नहीं, विनाश के खिलाफ हैं और हम सब व्यापारी एवं रहवासी 24 मीटर की जगह 15 मीटर का समर्थन करते हैं। रहवासियों का तर्क है कि 15 मीटर की चौड़ाई यातायात सुगमता के लिए पर्याप्त है। यदि इसे 24 मीटर किया गया, तो वर्षों की जमा-पूंजी से बने मकान और दुकानें मलबे में तब्दील हो जाएंगी।
निगमायुक्त ने सडक़ चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में तेजी के निर्देश दिए
एक ओर जनता विरोध कर रही है, तो दूसरी ओर प्रशासन समय सीमा को लेकर सख्त है। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्पष्ट कर दिया है कि सिंहस्थ-2028 जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेषकर मार्ग चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने के लिए उनके द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। शनिवार को उन्होंने प्रस्तावित एमआर-४ मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा भी किया। अफसरों की टीम के साथ वे फ्रीगंज में दो तालाब से टैगोर चौराहा तथा नीलगंगा से मंछामन हरिफाटक ब्रिज तक नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने नीलगंगा से गेल इंडिया तक चल रहे सडक़ चौड़ीकरण कार्य की भी वर्तमान स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से कार्य की प्रगति के संबंध में चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
महत्वपूर्ण है एमआर-४ प्रस्तावित मार्ग
सीएम ने 26 नवंबर 2025 को भूमिपूजन किया था। प्रस्तावित एमआर-४ को 45 मीटर का होगा। वर्तमान में 24 मीटर पर काम शुरू करने जा रहा है। मार्ग एमआर-5 फ्लायओवर (रणकेश्वर महादेव के पास) से जुडक़र शिप्रा नदी के छोटे पुल तक यातायात को सुगम बनाएगा।
मार्ग की कुल लंबाई- 2135 मीटर
प्रस्तावित चौड़ाई- 24 मीटर (प्रभावितों द्वारा 15 मीटर की मांग)
प्रभावित भवन- 189 निर्माण कार्य प्रभावित
परियोजना लागत- 38.38 करोड़ रुपए
कार्य पूर्ण करने की अवधि- मई 2027 (अंतिम समय सीमा फरवरी-2028)









