EOW एसपी बंगले में घुसी युवती, खुद को कार में किया लॉक

शराब के नशे में होने का अंदेशा, महिला थाने में की जा रही पूछताछ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। आर्थिक अपराध अनुसंधान (ईओडब्ल्यू) के एसपी के सरकारी आवास में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक युवती 7 फीट ऊंचा दरवाजा कूदकर भीतर घुस गई। इस युवती ने दीवार पर टंगी कार की चाबी उठाई और खुद को कार में लॉक कर लिया। पकड़े जाने के बाद वह काफी देर तक मूक होने का नाटक करती रही, बाद में जब सख्ती हुई तो खुद को छत्तीसगढ़ की निवासी बता दिया। युवती को माधवनगर थाने के सुपुर्द कर दिया गया है, महिला थाने में उससे पूछताछ की जा रही है।
यह घटनाक्रम बुधवार सुबह करीब 5 बजे का है। अलकापुरी विक्रमनगर रोड पर ईओडब्ल्यू का ऑफिस और उसी से सटा अधीक्षक (एसपी) समर वर्मा का सरकारी निवास है। इस बंगले के बाहर गार्ड तैनात रहता है लेकिन सुबह वह भी अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह एकाएक बंगले के परिसर में खड़ी कार का हार्न बजा तो गार्ड और एसपी कार के पास पहुंचे। इसमें बदहवास हालत में एक युवती बैठी थी, उसने खुद को भीतर से लॉक कर रखा था।
इस युवती को किसी तरह कार से बाहर निकाला गया। काफी देर तक वह मूक होने का नाटक करती रही। सख्ती से पूछताछ की गई तो युवती ने खुद को छत्तीसगढ़ का बताया। उसके शराब के नशे में धुत्त होने का भी अंदेशा था। कभी वह कहती रही कि मैं एक युवक के साथ यहां तक आई थी तो कभी कहने लगी कि मैं सडक़ से जा रही थी। बंगला दिखा तो यहां आ गई। माधव नगर थाने से पुलिसकर्मियों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द किया गया।
एसपी समर वर्मा ने बताया कि युवती विक्षिप्त तो कतई नहीं है। यदि वह वाकई विक्षिप्त होती तो मूक होने का नाटक नहीं करती। उन्होंने बताया कि सुबह के वक्त गार्ड भी अपने कमरे में था और ड्राइवर ने भी चाबी बंगले की दीवार पर ही टांग रखी थी, इसी वजह से यह युवती कार तक पहुंच सकी। यह आश्चर्य है कि कोई युवती बंगले का 7 फीट ऊंचा गेट कूदकर भीतर क्यों और कैसे आई? माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि युवती से महिला थाने में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल ऐसा कुछ पता नहीं चला है जो संदिग्ध हो। युवती हिरासत में है।









