कलेक्टर की सख्ती का असर, दूसरे दिन टाइम पर पहुंचे डॉक्टर, सिविल सर्जन ने भी किया निरीक्षण

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चरक अस्पताल में शुक्रवार को कलेक्टर के एक दिन पहले किए गए निरीक्षण का असर नजर आया। सुबह समय पर डॉक्टर अस्पताल पहुंचे और मरीजों का इलाज करते नजर आए। इसके अलावा सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया ने भी निरीक्षण किया।

दरअसल, गुरुवार दोपहर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने चरक अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया था। कलेक्टर ने काम में लापरवाही पर लिफ्ट ऑपरेटर एजेंसी पर 50 हजार का जुर्माना लगाया और सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा पर्याप्त संख्या में गार्ड्स नहीं रखने और गार्ड्स के यूनिफॉर्म में नहीं रहने पर भी 50 हजार का जुर्माना लगाया।
वहीं बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहने पर डॉ. राजेंद्र उपलावदिया, डॉ. ऋतुजा महाजन एवं डॉ. हर्षिता मोरे का वेतन काटने और लगातार बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर डॉ. पंकज मालवीय को सेवा से हटाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर की सख्ती से डॉक्टर्स और स्टॉफ में हड़कंप मच गया था। इसी का असर था कि शुक्रवार सुबह सभी डॉक्टर समय पर हॉस्पिटल पहुंच गए।









