चार पहिया वाहनों पर 65 रुपए टोल टैक्स तय

By AV NEWS

उज्जैन-देवास नेशनल हाईवे शुरू

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन नेशनल हाईवे ने आधे-अधूरे उज्जैन-देवास फोरलेन को बगैर उद्घाटन,बिना किसी सार्वजनिक घोषणा के आवागमन के लिए खोल दिया है। इस पर वाहनों का टोल भी निर्धारित कर वसूली प्रारंभ कर दी गई है। फोरलेन पर चार पहिया वाहनों पर 65 रु.टोल टैक्स तय किया गया है।

716 करोड़ की लागत के उज्जैन-देवास फोरलेन का 85 फीसदी काम पूरा हुआ है। उज्जैन-देवास के बीच नया ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे न केवल खोल दिया गया है, बल्कि टोल टैक्स वसूली भी शुरू हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देवास-उज्जैन फोर लेन हाईवे पर एक रेल ओवरब्रिज और एक फ्लायओवर का काम अभी अधूरा है।

रेल ओवरब्रिज इंदौर-देवास-उज्जैन रेल लाइन पर बनाया जा रहा है, जिसका आधा हिस्सा वाहनों की आवाजाही में उपयोग किया जा रहा है। फ्लायओवर का निर्माण इंदौर-देवास सिक्स लेन हाईवे से देवास-उज्जैन फोर लेन को कनेक्ट करने के लिए हो रहा है। इसका उपयोग गरोठ और उज्जैन से इंदौर तरफ आने वाले वाहन कर सकेंगे। देवास-उज्जैन हाईवे देवास बायपास के पहले बनाया गया है।हाईवे का इकलौता टोल प्लाजा पालखंदा में बनाया गया है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी मिलेगी

इंदौर को उज्जैन के रास्ते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोडऩे के लिए इस हाईवे का निर्माण पिछले साल से शुरू किया गया था। हाईवे का निर्माण दो हिस्सों में हो रहा है, जिनमें देवास-उज्जैन हाईवे बन चुका है, जबकि उज्जैन-गरोठ हाईवे का काम जारी है। उज्जैन-गरोठ हाईवे का काम 2024 के मध्य में पूरा होने की उम्मीद है।

हाईवे का निर्माण नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ने किया है। इस हाईवे के निर्माण से इंदौर को उज्जैन के रास्ते से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी मिलेगी। इसका फायदा सिंहस्थ में भी मिलेगा। वाहन चालक न केवल इस हाईवे से गरोठ होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक आ-जा सकेंगे, बल्कि इंदौर के लोगों को यह उज्जैन-गरोठ आने-जाने के लिए वैकल्पिक नया रास्ता उपलब्ध कराएगा। सिंहस्थ-28 में भी इसका फायदा लोगों को मिलेगा।

Share This Article