चुनावी जंग में सोशल मीडिया पर भी फोकस

By AV NEWS

भाजपा की वर्चुअल तैयारी ‘वार रूम’ तैयार किया

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन विधानसभा में भाजपा इंटरनेट मीडिया पर चुनावी लड़ाई की तैयारी में है। इसके लिए ‘वार रूम’ तैयार किया गया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर फोकस करने के लिए दो सौ लोगों की टीम को मोर्चे पर लगाया है। पार्टी के संगठनात्मक दृष्टि से बनाए गए 57 जिलों में 21-21 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है।

विधानसभा चुनाव लिए भाजपा ने इंटरनेट मीडिया पर चुनावी लड़ाई लडऩे के लिए प्रदेश से लेकर विधानसभा क्षेत्र स्तर तक तैयारी की है। 57 जिलों में 21-21 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है। इसके नीचे विधानसभा क्षेत्र स्तर पर छह-छह कार्यकर्ताओं की टीम इंटरनेट मीडिया में जिले और प्रदेश से आई सामग्री, वीडियो, आडियो को प्रसारित करेगी। इसी तरह पार्टी ने सबसे बड़ी फौज बूथ स्तर पर तैयार की है।

कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी
हर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथों पर पार्टी के इंटरनेट मीडिया का काम करने के लिए प्रति बूथ दो-दो कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है। इन कार्यकर्ताओं को पार्टी के आइटी सेल ने बाकायदा वर्चुअल प्रशिक्षण भी दिया है। पार्टी की रणनीति के तहत हर बूथ पर कम से कम दो वाट्सएप ग्रुप तैयार किए गए हैं। पहला ग्रुप मतदाताओं को पार्टी के घोषणा पत्र व हर गतिविधि से अवगत कराएगा तो दूसरा पार्टी कार्यकर्ताओं का होगा।

रैंकिंग भी तैयार कर रही एजेंसी

भाजपा इंटरनेट मीडिया पर अपनी उपस्थिति को मजबूत बनाने के लिए पिछले कई वर्षों से काम कर रही है। उसके द्वारा छह महीने पहले ही सुघोष अभियान चलाकर सभी कार्यकर्ताओं को इंटरनेट मीडिया में काम करने का प्रशिक्षण दे दिया था। बूथ और मंडल से ऊपर दस हजार शक्ति केंद्र भी बनाए गए हैं। पार्टी ने इसकी मॉनिटरिंग के लिए अलग से एक एजेंसी को काम दिया है। जो बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की रैंकिंग भी जारी कर रही है।
वाट्सएप पर बहस: पार्टी के कार्यकर्ताओं को समझाइश दी गई है कि जिस वाट्सएप ग्रुप पर राजनीतिक बहस चल रही हो ,उस में वे भी सक्रिय हो जाएं और पार्टी का पक्ष पूरे आत्मविश्वास के साथ रखें। जवाब देने में संयम बरतें।

Share This Article