तीन लोगों को बेचा एक मकान

उज्जैन। घट्टिया क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ शुक्रवार रात माधवनगर थाने में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। माधव नगर पुलिस ने शुक्रवार रात घटिटया तहसील के नईखेड़ी में रहने वाले लोकेंद्र उर्फ अर्जुन, उसके पिता हरिदास बैरागी, मां श्यामाबाई और महिदपुर रोड निवासी गोपालदास बैरागी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया है। इन चारों के पास 2 हजार वर्गफीट का एक मकान था।

इस मकान को इन लोगों ने अलग-अगल समयावधि में मऊखेड़ी में रहने वाले ओमप्रकाश मेवाड़ा, अंबोदिया निवासी मोहन मालवीय और इंदिरा नगर में रहने वाले तुलसी लेखवानी को बेचा। तीनों का ही एयू स्मॉल फायनेंस बैंक से 11 लाख 50 हजार, 14 लाख और 5 लाख रुपए का एक ही संपत्ति को बंधक रखवाकर लोन लिया और सारी रकम समेटकर चंपत हो गए। बैंक की इंटरनल जांच में इस धोखाधड़ी का पता चलने के बाद मामला कोर्ट पहुंचा और अब कोर्ट के निर्देश पर माधवनगर पुलिस ने केस दर्ज किया है।









