त्वचा को साफ़ व समस्याओं से दूर रखना चाहते हैं, तो करे ये उपाय

By AV NEWS

नीम से बने पैक्स होंगे मददगार….

मौसम बदल रहा है, कभी बारिश तो कभी उमस-भरी गर्मी, ऐसे में त्वचा कई मुश्किलों से गुजऱती है। अगर त्वचा को साफ़ व समस्याओं से दूर रखना चाहते हैं, तो नीम से बने पैक्स का इस्तेमाल करें।

नीम त्वचा से गंदगी निकालता है और संक्रमण भी दूर करता है

कील मुंहासे, चिपचिपापन या फिर दाग़-धब्बों जैसी त्वचा की समस्याओं को दूर करने के लिए नीम की पत्तियों का इस्तेमाल बेहतर नतीजे देता है। नीम में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। नीम के औषधीय गुण त्वचा की गहराई से सफ़ाई करते हैं। त्वचा संबंधी कोई समस्या है तो नीम की पत्तियों का उपयोग हर तरह से फ़ायदेमंद होगा।

नीम और नींबू पैक…

तैलीय त्वचा हो, तो चेहरे पर नीम और नींबू का फेसपैक लगाएं। ये त्वचा से निकलने वाले प्राकृतिक तेल को रोकता है। साथ ही यह फेस पैक एंटीबैक्टीरियल होता है।

बनाने की विधि… मुट्ठीभर नीम की पत्तियों को पीस कर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इसमें एक नींबू निचोड़ दें। इसे चेहरे और गर्दन पर लगभग 20 मिनट तक लगाएं और फिर साफ़ पानी से धो लें। हफ्ते में दो बार लगाएं, त्वचा का तैलीयपन कम होगा।

नीम और बेसन पैक…

कई लोगों को मुंहासों की समस्या होती है। नीम से बना फेस पैक मुंहासों के साथ-साथ दाग़ से भी राहत देगा।
बनाने की विधि… एक चम्मच नीम पाउडर, एक चम्मच बेसन, थोड़ी-सा दही और पानी को मिलाकर पेस्ट बनाने के बाद उसे चेहरे पर लगाएं। पेस्ट को कऱीब 15-20 मिनट तक लगाकर रखें। फिर चेहरा धो लें।

नीम-दूध फेस पैक

नीम चेहरे में जमा गंदगी और धूल को साफ़ करता है और दूध त्वचा को मुलायम बनाता है।

बनाने की विधि… एक चम्मच बेसन और दो चम्मच नीम पाउडर में लगभग चार-पांच चम्मच दूध मिलाकर पेस्ट तैयार करें। अब इसे चेहरे पर लगाकर बीस मिनट तक सूखने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें। दूध की मात्रा ज़रूरत के अनुसार बढ़ा सकते हैं।

नीम-गुलाब पैक

यह पैक टैनिंग से बहुत जल्द राहत देता है।

बनाने की विधि...मुठ्ठी भर नीम की पत्तियां और गुलाब की पंखुडिय़ों को पानी मिलाकर अच्छी तरह से बारीक पीसकर पेस्ट बना लें। पेस्ट को बीस मिनट तक चेहरे पर लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से धोएं। चेहरे को और अधिक चमकदार बनाने के लिए पेस्ट लगाने के बाद चेहरे पर बर्फ के टुकड़े लगाएं।

इन मुश्किलों से भी पाएं राहत…

झुर्रियों से छुटकारा : नीम बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर पडऩे वाली झुर्रियों को कम करता है।

बनाने की विधि… एक मुठ्ठी ताज़ी नीम की पत्तियों का पेस्ट बनाएं। इसमें हल्दी का पाउडर मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 10 मिनट बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें। झुर्रियों से राहत मिलेगी।

दाग-धब्बे दूर होंगे : चेहरे के दाग़-धब्बों को कम करने के लिए नीम बहुत ही प्रभावकारी है।

बनाने की विधि... दो चम्मच नीम पाउडर और एक चम्मच सेब के सिरके में एक चम्मच शहद मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे 15 मिनट तक लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से चेहरे को साफ़ कर लें।

Share This Article