दाऊदी बोहरा समाज के रोजे शुरू, चांद दिखा तो मुस्लिम समाज के 19 से

शहर काजी करेंगे रमजान का ऐलान

उज्जैन। दाऊदी बोहरा समुदाय के पवित्र रमजान-उल-मुबारक की इब्तिदा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले रोजे की अवधि 12 घंटे 45 मिनट की रहेगी। तड़के समाजजन ने सेहरी की, शाम को इफ्तारी के साथ रोजा खोला जाएगा। रमजान की आमद के साथ ही बोहरा समुदाय की मस्जिदों में इबादत की विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समुदाय चांद दिखने पर 19 से रोजे शुरू करेगा। अन्यथा 20से रोजे रखे जाएंगे।
दाऊदी बोहरा समाज के मुल्ला कुतुब फातेमी ने बताया कि मंगलवार से समाजजन की रमजान की इबादत शुरू हो गई। पूरे एक महीने तक समाजजन रोजा, नमाज और कुरान की तिलावत में जुटे रहेंगे। सभी बोहरा मस्जिदों में विशेष नमाज भी होगी। धर्मगुरु डॉ. सैयदना आलीकदर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब का रमजान संदेश भी मस्जिदों में सुनाया जाएगा।
मस्जिदों में इफ्तार, जमातखानों में सामूहिक भोज: बोहरा मस्जिदों में मगरीब-इसा की नमाज के बाद इफ्तारी होगी। बोहरा मोहल्लों में स्थित जमातखानों में सामूहिक भोज होगा।
दुआमा याद करवानी इल्तिजा का मैसेज
बोहरा समुदाय में मंगलवार सुबह से ही दुआमा याद करवानी इल्तिजा के मैसेज सोशल मीडिया पर चलते रहे। इधर, शहर काजी खलीकुर्रहमान ने बताया कि चांद का दीदार होने पर रमजान शुरू होने का ऐलान किया जाएगा। अगर 18 फरवरी (बुधवार) को चांद दिखाई देता है तो रोजे 19 फरवरी(गुरुवार) से शुरू होंगे, अन्यथा २० फरवरी से रमजान की शुरुआत होगी।
रमजान में डाइट का रखें खास ख्याल: डॉ. विजय गर्ग
रमजान में रोजेदारों को सेहतमंद रहने के लिए सीनियर प्रो. डॉ. विजय गर्ग ने टिप्स दी हैं। उनके मुताबिक डाइट का खास ख्याल रखना जरूरी है।
शरीर में शकर की मात्र संतुलित रखेें। पानी की कमी नहीं होने दें।
साबुत अनाज, हरी सब्ज़ी, मूंगफली, दाल, प्याज़, टमाटर के साथ फल का सेवन करें।
ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच करवाते रहे। शुगर की सुबह लेने वाली दवाओं को 20 प्रतिशत कम करें। रात वाली दवाएं सुबह लें।
साबुत अनाज, मिलेट पोहा, पुलाव, मिलेट डोसा का उपयोग करें। रोज़ा खोलते समय मीठे में मिलेट खीर ले सकते हंै।
कम नमक वाले पदार्थ लें। रोजाना 6-8 घंटे की नींद लें।
रोज़े के समय घबराहट, पसीना, धूजनी, गुस्सा आए तो ग्लूकोस बिस्किट ले सकते हैं।
सबसे अच्छी कसरत 2000 कदम पैदल चलना है। बुखार, ख़ासी, हाथ-पैर में दर्द, सिर में दर्द, सीने में दर्द हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
8-10 गिलास साफ पानी का सेवन जरूर करें।
तले-गले भोजन, ब्रेड, बिस्किट, डिब्बा बंद पदार्थ, कोल्डड्रिंक, खुले-कटे फल, बाजारी बर्फ का उपयोग ना करें।









