दावा: पश्चिम रेलवे ने चलाई होली विशेष ट्रेनें, यात्रियों को मिल रहीं कन्फर्म सीट

उज्जैन। होली पर्व मनाने के लिए देशभर से यात्री अपने घरों को लौटते हैं जिसके चलते ट्रेनों में जगह की कमी हो जाती है। इसी को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए कई होली स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। जिससे सहित गुजरात के यात्रियों को उत्तरप्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड एवं राजस्थान सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए यात्रा में विशेष सुविधा मिल रही है।

जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जो ट्रेनें चल रही हैं उसमें बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल, बांद्रा टर्मिनस-सूबेदारगंज सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल, असारवा-आगरा कैंट स्पेशल, डॉ. अंबेडकर नगर-पटना साप्ताहिक स्पेशल, मुंबई सेंट्रल-बनारस साप्ताहिक स्पेशल, मुंबई सेंट्रल-कटिहार साप्ताहिक स्पेशल, वडोदरा-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल, वडोदरा-मऊ साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल, वडोदरा-खातीपुरा स्पेशल, दादर-नईदिल्ली स्पेशल, वलसाड-मऊ स्पेशल, इंदौर-हजरत निजामुद्दीन द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल, इंदौर-मुंबई सेंट्रल स्पेशल, मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल, मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल, उधना-रक्सौल साप्ताहिक विशेष, बांद्रा टर्मिनस-भिवानी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल, मुंबई सेंट्रल-भिवानी स्पेशल और गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल के फेरे बढ़ाए गए हैं।
नियमित ट्रेनों पर दबाव कम
इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से रतलाम मंडल क्षेत्र से होली पर घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा रेगूलर ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव भी कम हुआ है। रतलाम मंडल यात्रियों से अपील की है कि वे पूर्व आरक्षण के साथ यात्रा करें तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा में रेलवे का सहयोग करें।









