देखे वीडियो :उज्जैन में लॉकडाउन ,महिलाओं ने किया शीतला माता पूजन

By AV NEWS

महिलाओं ने किया शीतला माता पूजन, सड़कों पर घूमते रहे लोग

कोरोना संक्रमण दोबारा तेजी से फैलने के कारण प्रशासन द्वारा शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। इसमें आवश्यक वस्तुओं दवा, दूध आदि के लिये छूट दी गई है बाकि लोगों को घरों से बाहर निकलना प्रतिबंधित है। रविवार को शीतला सप्तमी पर्व होने पर महिलाओं ने सुबह माता मंदिरों में पहुंचकर पूजन अर्चन किया वहीं 1२ बजे तक सड़कों पर लोग सामान्य दिनों की तरह आवागमन करते नजर आये।

रविवार को शहर के प्रमुख बाजार पूर्व से ही बंद रहते थे। लॉकडाउन की वजह से सभी दुकानें बंद रहीं। सिर्फ दवा और दूध की डेयरी खुली थी। सुबह 10 बजे तक दूध विक्रय की छूट दी गई है। इस कारण लोग घरों से दूध या दवा लेने के बहाने सड़कों पर आवागमन करते रहे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर लोगों को रोककर टोका जा रहा था लेकिन कारण बताने पर पुलिस ने सख्ती नहीं की। सड़कों पर लोग वाहनों से सामान्य दिनों की तरह आवागमन करते नजर आये। शीतला सप्तमी पर्व पर लॉकडाउन का कोई असर नहीं देखा गया। सुबह से महिलाएं अपने घरों के आसपास स्थित शीतला माता मंदिर पहुंची। माताजी का पूजन कर रात में तैयार किया गया भोजन प्रसाद के रूप में अर्पित किया। आज शीतला माता पूजन करने वाले घरों में परिवारजन बासी भोजन ही ग्रहण करते हैं।

यात्रियों की मुसीबत
शहर में लॉकडाउन होने के कारण बसों व अन्य वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित है, लेकिन ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर रेलवे स्टेशन पहुंची। सुबह मुंबई, दिल्ली, गुजरात व अन्य राज्यों से स्टेशन पहुंची ट्रेनों से उतरे यात्रियों को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाना था, लेकिन गिनती के ऑटो उन्हें मिले। खास बात यह कि ऑटो चालक निर्धारित शुल्क से अधिक की मांग कर रहे थे। जब ऑटो चालकों से बात की गई तो उनका कहना था कि लॉकडाउन की वजह से पुलिस ने मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर रखे हैं, गलियों से आवागमन करना पड़ रहा है। इस कारण 10-20 रुपये अधिक ले रहे हैं।

प्रीपेड बूथ पर लगा ताला
देशभर से ट्रेनों के माध्यम से उज्जैन आने वाले यात्रियों को सुरक्षित और तय किराया लेकर गंतव्य तक पहुंचाने के लिये यातायात पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर के ऑटो स्टैंड पर प्रीपेड बूथ बनाया गया है। यहां पहुंचकर यात्री पूर्व से निर्धारित शुल्क देकर ऑटो की सुविधा ले सकता है, लेकिन सुबह इस प्रीपेड बूथ पर ताला लगा था जिसका फायदा ऑटो चालक उठा रहे थे।

Share This Article