दो युवक शिप्रा नदी में डूबे एक की मौत, दूसरे को तैराकों ने बचा लिया

By AV NEWS

रामघाट पर फिर हादसा, पैर फिसलने से श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन शिप्रा के रामघाट पर सुबह 4.30 बजे भोपाल के युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। उसके दूसरे साथी को होमगार्ड जवानों ने बचा लिया।

भोपाल से सुबह 3.30 बजे चार दोस्त रोहन, हेमंतसिंह, कैशव और नीरज महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। वे सीधे शिप्रा नदी पर स्नान के लिए पहुंच गए। चारों दोस्त एक साथ नदी में उतरे थे लेकिन इनमें से रोहन पिता पप्पू राजपूत नदी में गहराई तक चला गया। उसे बचाने दोस्त नीरज पिता अशोक लोधी आगे बढ़ा तो वो भी डूबने लगा। दो अन्य दोस्तों के शोर मचाने पर होमगार्ड के जवानों ने एक को बचा लिया लेकिन दूसरे की डूबने से मौत हो गई।

रोहन नदी में डूब चुका था। उसे खोजने के प्रयास शुरू हुए दो घंटे बाद सुबह 6 बजे रोहन को भी बाहर निकाला। जवानों ने उसके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रोहन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। रोहन के उज्जैन रहने वाले रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचे। बता दें कि इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिप्रा स्नान और महाकाल दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नदी में गाद और फिसलन के साथ श्रद्धालुओं को नदी की गहराई की जानकारी नहीं होने के कारण वे गहरे पानी में चले जाते हैं। इसी के चलते हादसे हो रहे हैं।

चार दोस्त आए थे उज्जैन घूमने

चार दोस्त खुशियां मनान देवदर्शन के लिए उज्जैन आए थे। एहसास नहीं था कि ऐसा घटनाक्रम हो जाएगा और एक दोस्त हमेशा के लिए छोड़कर चला जाएगा। उज्जैन में घूमने की मस्ती,शिप्रा स्नान का और महाकाल दर्शन की खुशी में रातभर जागते हुए आए। डूबकर भी बच गए दोस्त नीरज ने बताया रोहन सबसे पहले नदी में गया था। बाकी तीनों दोस्त उसके बाद नदी में उतरे।

रोहन आगे बढ़ गया और कुछ ही क्षणों में डूबने लगा। वो उसे बचाने के लिए उसके पास गया था। नदी में काई इतनी ज्यादा थी कि वो भी फिसलकर गहराई में चला गया। आंखों के आगे अंधेरा छा गया था। । पानी नाक मुंह से अंदर आकर सीने तक पहुंच गया। दो-तीन बार पानी से ऊ पर आने का प्रयास किया लेकिन ऐसा लग रहा था कि नदी का कोई तल नहीं वो अंदर समाते जा रहा था। पानी नाक और मुंह से होकर सीने तक चला गया। तभी किसी ने बाल पकड़े इसके बाद कुछ याद नहीं। होंश आया तो पता चला कि रोहन डूब गया वो उसे नहीं बचा पाया।

Share This Article