धन्वन्तरि आयुर्वेद अस्पताल में शुरू होगी सायंकालीन ओपीडी

प्रमुख सचिव ने निरीक्षण में दिए निर्देश, छात्रावास निर्माण कार्यों को भी देखा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आगर रोड स्थित धन्वंतरि आयुर्वेद अस्पताल मेें जल्दी ही शाम की ओपीडी भी शुरू होगी। शनिवार को आयुष विभाग के प्रमुख सचिव शोभित जैन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें शाम के वक्त चिकित्सा सुविधा की जरूरत महसूस हुई और उन्होंने तुरंत ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए। शासकीय धन्वन्तरि आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रमुख सचिव ने यहां व्यवस्थाओं में और भी सुधार के निर्देश दिए।
इन सुविधाओं का किया अवलोकन
श्री जैन ने पंचकर्म वेलनेस सेंटर, पैथोलॉजी लैब और फिजियोथैरेपी विभाग। कायाकल्प, ऑपरेशन थिएटर, एनबीएसयू यूनिट, ओपीडी और आईपीडी वार्ड आदि जगह घूमकर व्यवस्थाएं समझी। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में रोगियों के लिए जांच शुल्क चार्ट ऐसी जगह लगाया जाए जिस पर आसानी से सभी की नजर पहुंचे। पंचकर्म सेंटर को और सुसज्जित करने, प्रसूति तंत्र विभाग में स्टोर रूम बनाने और चिकित्सालय में आधुनिक लॉन्ड्री मशीन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
सिंहस्थ की तैयारियों पर नजर
प्र मुख सचिव ने सिंहस्थ मद से महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन 250-250 सीट की क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावास के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सभी शिक्षकों और चिकित्सा अधिकारियों का डेटा एम.एच. पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य डॉ. जे.पी. चौरसिया ने बताया कि प्रमुख सचिव के निरीक्षण से महाविद्यालय और चिकित्सालय के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक, चिकित्सा अधिकारी, पी.जी. स्कॉलर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।









