नजर अली मिल कैंपस से हटा अतिक्रमण

मजार के आसपास लोगों ने कर लिए थे कब्जे, पुलिस के साथ पहुंचे निगम अमले ने चलाई जेसीबी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम के पीछे स्थित नजरअली मिल (जूना मिल) कैंपस से शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यहां पर मजार और उसके आसपास कई लोगों ने कब्जा कर लिया था। मुहिम के दौरान मुस्लिम समाज के लोग विरोध करने भी पहुंचे और मजार नहीं हटाने की मांग की। दोपहर 12बजे तक दोनों पक्षों में इस मुद्दे पर चर्चा जारी थी।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे नगर निगम की टीम 3 जेसीबी, दो डंपर और 50 से अधिक कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जोन दो के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर टीम को लीड कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीएसपी कोतवाली राहुल देशमुख (आईपीएस) के नेतृत्व मेें तीन थानों का पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।
पहले मजार के आसपास का अतिक्रमण हटाया
निगम की टीम ने पहले मजार के आसपास का अतिक्रमण हटाया। घनी झाडिय़ों और पेड़-पौधों को जेसीबी से हटाकर पूरा इलाका मैदान किया गया। इस दौरान मजार की बाउंड्री बाल मामूली क्षतिग्रस्त हुई और ऊपर लगा टीन शेड का भी कुछ हिस्सा गिर गया।
विरोध के लिए जमा हुए लोग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के मुस्लिम समाज के कई लोग मौके पर जमा हो गए। उस वक्त निगम ने तोडफ़ोड़ रोककर मलबा समेटना शुरू कर दिया। ये लोग पुलिस व निगम अधिकारियों से मांग कर रहे थे कि मजार नहीं हटाई जाए, इसके आसपास अब अतिक्रमण नहीं होने देंगे। दोपहर करीब १२ बजे तक दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा जारी थी।
इनका कहना
मजार के आसपास काफी झाडिय़ां, पेड़-पौधे हो गए थे। लोगों ने अतिक्रमण भी कर लिया था। असामाजिक तत्व भी यहां बैठते थे। इस कारण नगर निगम द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
राहुल देशमुख
सीएसपी, कोतवाली
नोटिस दे चुके हैं
साल 2000 से यहां बनी मजार और आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण हो गया था। पंच पीर के नाम से यह मजार जानी जाती है। अतिक्रमण हटाने के दो नोटिस दिए जा चुके हैं। संतोषप्रद जबाव नहीं मिलने के बाद अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
राजकुमार राठौर, भवन अधिकारी, नगर निगम जोन क्रमांक २









